सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्कआईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल: ओडिशा में सत्तारूढ़ बीजू जनता दल (BJD) के विधायक अरबिंद धाली ने शनिवार को इस्तीफा दे दिया। उन्होंने बीजेपी में शामिल होने की बात कही है। धाली खोरधा जिले के जयदेव क्षेत्र से विधायक हैं। धाली ने कहा कि उन्होंने BJD अध्यक्ष और मुख्यमंत्री नवीन पटनायक को ईमेल के जरिए अपना इस्तीफा भेज दिया है। हालांकि, उन्होंने अपने इस्तीफे का कोई कारण नहीं बताया है। धाली पहली बार 1992 में भाजपा के टिकट पर उपचुनाव में मलकानगिरी सीट से विधानसभा के लिए चुने गए थे। उन्होंने लगातार दो बार इस सीट से जीत दर्ज की।

इसके बाद वह BJD में शामिल हो गए और 2009 में जयदेव सीट से विधायक चुने गए। उन्होंने इस सीट से 2019 का चुनाव भी जीता। वह पटनायक सरकार में परिवहन और निगम मंत्री थे। अरबिंद धाली से पहले BJD से सस्पेंड विधायक प्रदीप पाणिग्रही और प्रशांत जगदेव भी पिछले महीने भाजपा में शामिल हुए थे। BJD के पूर्व राज्य मंत्री देबाशिष नायक ने भी हाल ही में पार्टी छोड़ी थी। ओडिशा में इस साल अप्रैल-मई में लोकसभा चुनाव के साथ विधानसभा चुनाव होने वाले हैं।

आज की अन्य प्रमुख खबरें…

दिल्ली में 7 साल की बच्ची पर पिटबुल का अटैक, घर के बाहर खेलने के दौरान किया हमला

दिल्ली के शहादरा के जगतपुरी इलाके में एक 7 साल की बच्ची पर पालतू पिटबुल ने हमला कर दिया। पुलिस ने शनिवार को बताया कि बच्ची शुक्रवार शाम को अपने घर के बाहर खेल रही थी। इसी दौरान कुत्ते ने उस पर हमला किया। आसपास के लोगों ने बच्ची को कुत्ते से बचाया। बच्ची की मां उसे अस्पताल ले गई। उसकी हालत खतरे से बाहर बताई गई है। पुलिस ने बच्ची की मां का बयान दर्ज किया है। पुलिस ने कुत्ते के मालिक शिवानंद भास्कर के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जम्मू-कश्मीर के उधमपुर में टैंकर पहाड़ी से टकराया, एक की मौत

जम्मू-कश्मीर के उधमपुर में शनिवार सुबह हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई। उधमपुर के मौड पासी इलाके में एक टैंकर पहाड़ी से टकरा गया। मृतक की बॉडी को सरकारी अस्पताल की मॉर्चुरी में शिफ्ट किया गया है।