आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : खाने-पीने के सामानों में गिरावट के बीच अक्टूबर महीने में भारत की थोक महंगाई दर घटकर -0.52% पर आ गई है। यह लगातार सातवां महीना है जब थोक महंगाई शून्य से नीचे रही है। इससे पहले सितंबर में थोक महंगाई -0.26% थी। वहीं अगस्त में यह -0.52% थी।
पिछले साल अक्टूबर में यह 8.39% थी। सरकार हर महीने होलसेल प्राइस इंडेक्स यानी WPI के आंकड़े जारी करती हैं। इससे पहले सोमवार यानी 13 अक्टूबर को रिटेल महंगाई के आंकड़े जारी किए गए थे। रिटेल महंगाई भी 5 महीने के निचले स्तर 4.87% पर रही थी। आज की अन्य बड़ी खबरें…
बिहार के सासाराम में चलती बस में आग लगी, यात्रियों ने कूदकर बचाई जान
बिहार के रोहतास जिले के सासाराम में मंगलवार को एक चलती बस में अचानक आग लग गई। बस में 30 यात्री सवार थे। हादसे के बाद सभी चलती बस से कूदने लगे। कुछ बस की छत के ऊपर चढ़ गए और अपना सामान उतारने लगे। इस दौरान ड्राइवर जलती बस को सर्विस सेंटर तक ले गया। वहां पानी से आग पर काबू पाने की कोशिश की, लेकिन तब तक बस में रखा सामान जल चुका था।
बिहार में बालू माफिया ने 2 पुलिस वालों को रौंदा,SI की मौत, कुचलते हुए भाग निकला ड्राइवर
बिहार के जमुई में चेकिंग के दौरान बालू से लदे ट्र्क ने SI और एक जवान को रौंद दिया। SI प्रभात रंजन की इलाज के दौरान मौत हो गई है। होमगार्ड जवान राजेश कुमार की हालत गंभीर बनी हुई है। प्राइवेट क्लीनिक में जवान का इलाज चल रहा है। SI प्रभात रंजन गरही थाने में पदस्थ थे। वो वैशाली के रहने वाले हैं।
PM मोदी ने देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि दी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार (14 नवंबर) को देश के पूर्व प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि दी। PM मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा- हमारे देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू जी को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि।
जवाहरलाल नेहरू का जन्म 14 नवंबर 1889 को यूपी के इलाहाबाद में हुआ था। वे एक कश्मीरी ब्राह्मण परिवार से थे। जवाहरलाल नेहरू को बच्चों से बहुत लगाव था, इसलिए आज का दिन बाल दिवस के रूप में भी मनाया जाता है।
दिल्ली के शकरपुर इलाके में बिल्डिंग में आग लगी, एक महिला की मौत; फायर ब्रिगेड ने 26 लोगों का रेस्क्यू हुआ
दिल्ली के शकरपुर इलाके में सोमवार (13 नवंबर) की रात एक रेसिडेंशियल बिल्डिंग में भीषण आग लग गई। इसमें एक महिला की मौत हो गई। मौके पर पहुंची दिल्ली फायर सर्विस की टीम ने 26 लोगों को बचाया। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
तजाकिस्तान में भूकंप के झटके, रिक्टर स्केल पर 4.9 मापी गई तीव्रता
तजाकिस्तान के साउथ सूडान-युगांडा बॉर्डर इलाके में भूकंप के झटके महसूस किए गए। रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 4.9 मापी गई है। फिलहाल भूकंप से किसी भी तरह के नुकसान की खबर नहीं है।