प्‍योंगयांग, नार्थ कोरिया । नार्थ कोरिया सामरिक रूप से लगातार अपने को मजबूत करने में लगा है। दो माह के बाद एक बार फिर से एक मिसाइल का परीक्षण किया है। दक्षिण कोरिया की समाचार एजेंसी के मुताबिक इस मिसाइल का परिक्षण रविवार सुबह किया गया है। एजेंसी के मुताबिक दक्षिण कोरिया के ज्‍वाइंट चीफ आफ स्‍टाफ ने बताया है कि ये पूर्वी दिशा की तरफ से लान्‍च की गई थी। हालांकि अभी इसकी अधिक जानकारी उपलब्‍ध नहीं हो सकी है। जापान के कोस्‍ट गार्ड ने चेतावनी दी है कि उत्‍तर कोरिया ने एक मिसाइल लान्‍च की है। जापान की तरफ से अपने जहाजों को सतर्क रहने को भी कहा है।

क्‍योडो की रिपोर्ट में कहा गया है कि ये मिसाइल जापान सागर की तरफ छोड़ी गई। रिपोर्ट के मुताबिक ये एक बैलेस्टिक मिसाइल हो सकती है। ये जापान के बाहरी एक्‍सक्‍लूसिव इकनामिक जोन में दिखाई दी थी। यदि ये साबित हो जाता है कि ये एक मिसाइल थी तो ये इस वर्ष उत्‍तर कोरिया का आठवां परिक्षण होगा। आपको बता दें कि जनवरी में उत्‍तर कोरिया ने सात मिसाइल परिक्षण किए थे। इन परिक्षणों से समूचा प्रायद्वीप दहशत में आ गया था। जनवरी में ही उत्‍तर कोरिया ने अपना सबसे शक्तिशाली मिसाइल परिक्षण भी किया था।

उत्‍तर कोरिया द्वारा जनवरी में किए गए मिसाइल परिक्षणों के दौरान एक बार भी राष्‍ट्र के प्रमुख किम जोंग उन दिखाई नहीं दिए थे। फरवरी में मीडिया में उनकी पहली बार तस्‍वीर जारी हुई थी जिसमें वो अपने दूसरे अधिकारियों और सुरक्षाकर्मियों के साथ घुड़सवारी करते हुए दिखाई दे रहे थे। वैश्विक मीडिया में इन तस्‍वीरों को लेकर चर्चा भी हुई थी। वहीं जनवरी में किए गए मिसाइल परिक्षणों के बाद अमेरिका ने दक्षिण कोरिया और जापान से बात कर उन्‍हें उनकी सुरक्षा के लिए आश्‍वस्‍त भी किया था। जनवरी में किए गए मिसाइल परिक्षण के बाद उत्‍तर कोरिया की तरफ से कहा गया था कि उसके वैज्ञानिकों ने खुद को साबित किया है।