सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस /आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : अमेरिका में सिख ड्राइवर पर 17 बार चाकू से हमला, DHS पोस्ट पर उठे सवाल
अमेरिका के व्योमिंग में एक पंजाबी सिख ट्रक ड्राइवर पर चाकू से 17 बार हमला किए जाने के बाद भारतीय और सिख-अमेरिकी समुदाय में चिंता बढ़ गई है। 28 वर्षीय ड्राइवर पर यह हमला 13 सितंबर को इंटरस्टेट-80 के पास बिट्टर क्रीक रेस्ट एरिया में हुआ। पीड़ित ने बताया कि वह शौचालय गया था, जहां एक व्यक्ति ने उसका पीछा किया और उस पर हमला कर दिया। हमले में उसकी गर्दन, छाती, हाथ और पसलियों पर चोटें आईं। आरोपी 45 वर्षीय एंड्रयू क्रिस बजडक को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया गया है। हालांकि, जांच दस्तावेजों में हमले के पीछे नस्लीय या धार्मिक मकसद का उल्लेख नहीं है।
इस घटना के बाद अमेरिका के होमलैंड सिक्योरिटी विभाग यानी DHS की हालिया सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। DHS ने कुछ दिन पहले एक पोस्ट में ‘Mr. Singh’ नाम का इस्तेमाल करते हुए एक सिख जैसे दिखने वाले व्यक्ति की तस्वीर के साथ आप्रवासन और सड़क सुरक्षा से जुड़ा संदेश पोस्ट किया था। आलोचना के बाद यह पोस्ट हटा दी गई। DHS का कहना था कि पोस्ट एक विशेष भारतीय ट्रक ड्राइवर, हरजिंदर सिंह, से संबंधित थी, जिस पर फ्लोरिडा में घातक सड़क हादसे का आरोप है।
भारतीय-अमेरिकी सांसद राजा कृष्णमूर्ति ने व्योमिंग हमले की निंदा करते हुए कहा कि सिख और दक्षिण एशियाई समुदाय को निशाना बनाने वाली नफरत को रोकना जरूरी है। वहीं, DHS ने हमले और अपनी पोस्ट के बीच किसी संबंध की अटकल को गलत बताया है। फिलहाल अधिकारियों ने हमले के वास्तविक मकसद की पुष्टि नहीं की है।
Hashtags: #WorldInternational #Bhopal #Desksource #इवर #हमल #Dhs #DeskSource #एनएन #टवर #आईट