आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : शेयर बाजार में आज यानी शुक्रवार (1 दिसंबर) को तेजी देखने को मिली। सेंसेक्स 492.75 अंक चढ़कर 67,481.19 पर बंद हुआ। वहीं, निफ्टी में भी 134.75 अंक की बढ़त रही, यह 20,267.90 के स्तर पर बंद हुआ। यह निफ्टी का नया क्लोजिंग हाई है।

वहीं कारोबार के दौरान निफ्टी अपने ऑलटाइम हाई पर पहुंच गया, इसने 20,272.75 के स्तर को छुआ। इससे पहले निफ्टी का ऑलटाइम हाई 20,222.45 है, जो उसने 15 सिंतबर को बनाया था। सेंसेक्स का ऑलटाइम हाई 67,927 है, ये भी 15 सितंबर को ही बना था।

फ्लेयर राइटिंग के शेयर 48.91% ऊपर ₹452.70 पर बंद

आज लिस्टिंग-डे पर फ्लेयर राइटिंग के शेयर 199 रुपए, या 65.5% ऊपर 503 रुपए पर लिस्ट हुए। हालांकि, कारोबार के अंत में यह 148.70 रुपए यानी 48.91% की बढ़त के साथ 452.70 रुपए पर बंद हुए। इसका इश्यू प्राइस 304 रुपए था। लिस्टिंग के बाद इसने 514.40 रुपए का हाई बनाया। वहीं सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 18 में तेजी और 12 में गिरावट देखने को मिली।

टाटा टेक: शेयरों में आज मुनाफा वसूली, 7% नीचे 1,216 रुपए पर बंद हुआ

उधर, टाटा टेक के शेयरों में आज मुनाफा वसूली देखी गई। यह 7.39% नीचे 1,216 रुपए पर बंद हुआ। कल इसके शेयर 163% ऊपर 1,313 रुपए पर बंद हुए थे। टाटा टेक 500 रुपए के इश्यू प्राइस के मुकाबले 140% ऊपर 1,200 रुपए पर लिस्ट हुआ था। इसे 70 गुना सब्सक्रिप्शन मिला था। टाटा ग्रुप करीब 19 साल बाद कोई IPO लाया था।

फ्लेयर राइटिंग: 500 करोड़ रुपए का IPO, 23,000 करोड़ रुपए की बोलियां मिली थीं

फ्लेयर राइटिंग का IPO 22 नवंबर से 24 नवंबर तक खुला था। इसका इश्यू 46.68 गुना सब्सक्राइब हुआ था। इसे 20,400 करोड़ रुपए की बोलियां मिलीं थीं। इस IPO का प्राइस बैंड ₹288 से ₹304 था। 593 करोड़ रुपए जुटाने के लिए कंपनी ये IPO लाई थी। 1976 में बनी कंपनी राइटिंग इंस्ट्रूमेंट जैसे जेल पेन, बॉल पेन, मेटल पेन और रोलर पेन बनाती है।

कल बाजार में रही थी बढ़त

इससे पहले गुरुवार को शेयर बाजार में मामूली बढ़त देखने को मिली थी। सेंसेक्स 86 अंक चढ़कर 66,988 पर बंद हुआ था। वहीं, निफ्टी में भी 36 अंक की बढ़त रही थी, यह 20,133 के स्तर पर बंद हुआ था। सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 17 में तेजी और 13 में गिरावट देखने को मिली थी।