आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : विदेशी फंडिंग केस में न्यूज वेबसाइट न्यूजक्लिक के एडिटर-इन-चीफ प्रबीर पुरकायस्थ और HR प्रमुख अमित चक्रवर्ती की कस्टडी और 9 दिनों के लिए बढ़ गई है। दोनों को 2 नवंबर तक पुलिस हिरासत में भेजा गया है।

आज न्यायिक हिरासत खत्म होने के बाद दोनों को दिल्ली की पटियाला हाउस कोर्ट में पेश किया गया था। जहां दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने इनकी कस्टोडियल रिमांड की मांग की।

चीन से जुड़ी कंपनियों और संगठनों से फंडिंग लेकर चाइनीज प्रोपेगैंडा फैलाने के आरोप में प्रबीर पुरकायस्थ और अमित चक्रवर्ती को 3 अक्टूबर को अरेस्ट किया गया था। दोनों सात दिनों तक पुलिस हिरासत में रहे।

फिर दिल्ली हाईकोर्ट ने 10 अक्टूबर को इन्हें 10 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया। इसके बाद पटियाला हाउस कोर्ट ने 20 अक्टूबर को दोनों की न्यायिक हिरासत की अवधि पांच दिनों के लिए बढ़ा दी थी।

CBI सहित 5 एजेंसियां कर रहीं मामले की जांच

न्यूजक्लिक के खिलाफ CBI सहित पांच एजेंसियां जांच कर रही हैं। सबसे पहले दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने FIR दर्ज की थी। उससे पहले दिल्ली पुलिस इकोनॉमिक ऑफेंस विंग, प्रवर्तन निदेशालय (ED) और इनकम टैक्स डिपार्टमेंट इस केस से जुड़े अलग-अलग मामलों में जांच कर रही थी। सेंट्रल ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन (CBI) ने न्यूजक्लिक के खिलाफ फॉरेन कॉन्ट्रीब्यूशन रेगुलेशन एक्ट के तहत केस दर्ज किया है।

न्यूजक्लिक का पूरा मामला सिलसिलेवार पढ़ें…

5 अगस्त 2023: न्यूयॉर्क टाइम्स में एक रिपोर्ट छपी। इसमें बताया गया कि ब्रिटेन और अमेरिका में कुछ ग्रुप चीन के प्रोपेगैंडा को प्रमोट करने में जुटे हैं। इन संगठनों की जांच की गई तो सामने आया कि अमेरिकन मिलियनेयर नेविल रॉय सिंघम इसकी फंडिंग कर रहे हैं। टाइम्स के मुताबिक नेविल रॉय उन संस्थाओं के साथ जुड़े हैं, जो दुनिया में चीन की उपलब्धियों का बखान करती हैं।

न्यूयॉर्क टाइम्स की इन्वेस्टिगेशन में सामने आया कि सिंघम के साथ मैसाचुसेट्स में एक थिंक टैंक, मैनहटन की संस्था, दक्षिण अफ्रीका में एक राजनीतिक दल, भारत और ब्राजील में न्यूज ऑर्गेनाइजेशन सहित कई ग्रुप जुड़े हैं। इनके पास अरबों डॉलर के साधन हैं। सिंघम शिकागो में सॉफ्टवेयर कंसल्टेंसी कंपनी थॉटवर्क्स चलाते हैं। इससे एक भारतीय न्यूज वेबसाइट भी जुड़ी है। 69 साल के सिंघम शंघाई में बैठते हैं। वहां उनका नेटवर्क यूट्यब पर एक शो चलाता है। इसके लिए शंघाई का प्रोपेगैंडा विभाग भी कुछ पैसा देता है।

7 अगस्त 2023: भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने लोकसभा में न्यूयॉर्क टाइम्स रिपोर्ट का हवाला देकर न्यूजक्लिक को मिलने वाली चीनी फंडिंग का मुद्दा उठाया था। केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने भी एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में आरोप लगाया कि कांग्रेस, चीन और विवादित न्यूज वेबसाइट न्यूजक्लिक एक ही गर्भनाल से जुड़े हैं। राहुल गांधी की ‘नकली मोहब्बत की दुकान’ में पड़ोसी सामान साफ देखा जा सकता है। चीन के प्रति उनका प्रेम नजर आ रहा है। वे भारत विरोधी अभियान चला रहे हैं।