पुणे ।  मुंबई इंडियंस के उप-कप्तान जसप्रीत बुमराह ने कहा है कि उनकी टीम आईपीएल के इस 15 वें सत्र में बदलाव के दौर से गुजर रही है जिसका प्रभाव उसके प्रदर्शन पर भी पड़ा है।

बुमराह ने कहा कि टीम से जुड़े नये खिलाड़ियों को यह समझने की जरूरत है कि इस प्रतिस्पर्धी टूर्नामेंट में दबाव की स्थिति से किस प्रकार निपटा जाये। मुंबई की टीम इस सत्र के अपने शुरुआती चारों मैच हारी है। मुम्बई की टीम के पास गेंदबाजी में भी विकल्प की कमी देखी गयी।

इसी को लेकर बुमराह ने कहा, ‘‘ यह बदलाव का दौर है और प्रत्येक टीम को इससे गुजरना होता है। हर क्रिकेटर इसे समझता है। टीम में कई नये खिलाड़ी है और हम इसी तरह के दौर से गुजर रहे है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘  आईपीएल में सफलता के लिए आपको इस लीग के प्रारूप को समझते हुए दबाव से निपटना सीखना होगा।

’’ बुमराह ने कहा कि अहम यह है कि टीम अतीत पर जोर देने की जगह पर वर्तमान में रहे। उन्होंने कहा, ‘‘ हमें बीती बातों को छोड़कर वर्तमान में रहना होगा। यह सही है कि अभी तक चीजें योजना के अनुसार नहीं हुई हैं पर हम संघर्ष करते रहते हैं और सफलता के तरीके खोजने का प्रयास हमने किया है।’’ उन्होंने यह भी कहा कि अब तक के मैचों में टॉस जीतने वाली टीम लाभ में रही है।