नई दिल्ली । भारतीय नौसेना के नीरज कुमार ने राष्ट्रीय चयन ट्रायल में पुरूषों की 50 मीटर राइफल थ्री पोजिशंस में शीर्ष स्थान हासिल किया है। नीरज ने इस दौरान ओलंपियन ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर और संजीव राजपूत को पीछे छोड़ा। नीरज ने ऐश्वर्य को स्वर्ण पदक के मुकाबले में 17.11 से पीछे छोड़ा।
वहीं संजीव को कांस्य पदक ही मिल पाया। नीरज क्वालीफाइंग दौर में 600 में से 584 अंक हासिल कर चौथे स्थान पर रहे जबकि संजीव ने 588 अंक लेकर शीर्ष स्थान हासिल किया था। शीर्ष आठ चरण में नीरज 404.7 अंक लेकर दूसरे स्थान पर रहे जबकि तोमर पहले और संजीव तीसरे स्थान पर थे।
वहीं जूनियर वर्ग में हिमाचल प्रदेश के सूर्यप्रताप सिंह ने मध्यप्रदेश के अविनाश यादव को पीछे छोड़कर स्वर्ण अपने नाम किया। महाराष्ट्र के रूद्रांक्ष पाटिल ने पुरूषों की और जूनियर 10 मीटर एयर राइफल स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता। उन्होंने पुरूष वर्ग में रेलवे के शानु माने को 17.11 से और जूनियर वर्ग में राजस्थान के यश वर्धन को 17.13 से पराजित किया।