आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : NCERT की किताबों में अब देश का नाम भारत होगा। नई किताबों में स्टूडेंट्स को इंडिया की जगह भारत शब्द पढ़ाया जाएगा। NCERT पैनल ने यह प्रस्ताव सर्वसम्मति से स्वीकार कर लिया है।
छत्तीसगढ़ भाजपा की चौथी लिस्ट जारी, अंबिकापुर से डिप्टी CM सिंहदेव के खिलाफ राजेश अग्रवाल को टिकट
छत्तीसगढ़ चुनाव के लिए BJP ने उम्मीदवारों की एक और लिस्ट जारी कर दी है। चौथी लिस्ट में चार प्रत्याशियों के नाम हैं। इससे पहले BJP 86 प्रत्याशियों की घोषणा कर चुकी है। अंबिकापुर से डिप्टी CM टीएस सिंहदेव के खिलाफ पार्टी ने राजेश अग्रवाल को टिकट दिया है। इसके अलावा बेलतरा से सुशांत शुक्ला, कसडोल से धनीराम धीवर और बेमेतरा से दीपेश साहू को उतारा है।
600 अंक टूटकर 64 हजार के नीचे आया सेंसेक्स, निफ्टी भी करीब 200 पॉइंट नीचे
शेयर बाजार में बुधवार को गिरावट देखने को मिल रही है। सेंसेक्स 600 अंक से ज्यादा की गिरावट के साथ 64,000 के नीचे कारोबार कर रहा है। वहीं, निफ्टी भी करीब 200 फिसल गया है, यह 19,100 के स्तर पर कारोबार कर रहा है। सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 26 में गिरावट और 4 में तेजी देखने को मिल रही है।
गुजरात की एक फैक्ट्री में भीषण आग लगी, केमिकल से भरे 60 से ज्यादा टैंकर जलकर खाक
गुजरात के अरावली जिले में बुधवार सुबह एक केमिकल फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। आग की चपेट में केमिकल से भरे 60 से ज्यादा टैंकर आ गए। इससे आग की ऊंची-ऊंची लपेटें उठने लगीं। मौके पर फायर ब्रिगेड की 10 गाड़ियां मौजूद हैं। अभी तक किसी के हताहत होने की जानकारी नहीं है। फिलहाल आग लगने का कारण नहीं पता चल सका है।
उत्तराखंड के पूर्व CM हरीश रावत सड़क हादसे में घायल, हल्द्वानी से काशीपुर जाते समय कार डिवाइडर से टकराई
उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हरीश रावत का मंगलवार की देर रात एक्सीडेंट हो गया। हल्द्वानी से काशीपुर जाते समय बाजपुर के पास उनकी गाड़ी डिवाइडर से टकरा गई। पूर्व CM को हल्की चोट लगी है। उनके साथ कार में बैठे दो लोग घायल हुए हैं। हरीश रावत को चेकअप के बाद हॉस्पिटल से डिस्चार्ज किया गया है। रावत ने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर एक्सीडेंट की जानकारी दी है।
तमिलनाडु में ट्रेन की चपेट में आने से तीन दिव्यांग बच्चों की मौत, रेलवे ट्रैक पार करने के दौरान हादसा
तमिलनाडु के चेंगलपट्टू में उरापक्कम रेलवे स्टेशन पर मंगलवार (24 अक्टूबर) को तीन दिव्यांग बच्चों की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। मृतकों की पहचान सुरेश (15), रवि (10) और मंजूनाथ (11) के रूप में की गई। सुरेश और रवि बोल नहीं सकते थे। वहीं रवि सुन नहीं सकता था। तीनों ट्रैक पार कर रहे थे। तभी ट्रेन ने उन्हें टक्कर मार दी। घटनास्थल पर रेलवे और पुलिस के अधिकारी पहुंचे और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने बताया मामले में केस दर्ज कर जांच की जा रही है।