आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : इन्फोर्समेंट डारेक्टरेट (ईडी) ने कांग्रेस के नेता और पूर्व केंद्रीय रेल मंत्री पवन बंसल से बुधवार को पूछताछ की। बंसल से ये पूछताछ नेशनल हेराल्ड केस के चलते की गई है। वो बुधवार को दोपहर 12 बजे ईडी के दिल्ली दफ्तर पहुंचे। बंसल से मंगलवार 7 नवंबर को भी इस मामले में पूछताछ की गई थी।
वहीं, केरल के तिरुवनंतपुरम में बुधवार को ईडी ने छापेमारी की। ईडी ने कंडाला सर्विस कॉर्पोरेटिव बैंक के अध्यक्ष बासुरंगन के घर की तलाशी ली।
आज की अन्य बड़ी खबरें…
TMC सांसद अभिषेक बनर्जी को ED का समन, स्कूल जॉब घोटाला मामले में 9 नवंबर को होगी पूछताछ
प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने तृणमूल कांग्रेस (TMC) के सांसद अभिषेक बनर्जी को स्कूल जॉब घोटाला मामले में समन भेजा है। जांच एजेंसी ने 9 नवंबर को टीएमसी सांसद को पूछताछ के लिए बुलाया है। इससे पहले ED ने 3 अक्टूबर को टीएमसी सांसद को समन भेजा था, जिसमें उन्हें 9 अक्टूबर को पेश होने के लिए कहा गया था। हालांकि, तब अभिषेक बनर्जी ED के सामने पेश नहीं हुए और दिल्ली में टीएमसी के एक कार्यक्रम में चले गए थे।
इंडोनेशिया की बांदा सी में 7.1 तीव्रता का भूकंप; पिछले साल नवंबर में 260 से ज्यादा लोगों की जान गई थी
इंडोनेशिया की बांदा सी में बुधवार को 7.1 तीव्रता का भूकंप आया। यूनाइटिड स्टेट जियोलॉजिकल सर्वे के मुताबिक, तनिमबार द्वीप समूह के सौमलाकी शहर में भूकंप के झटके महसूस किए गए। फिलहाल किसी तरह के नुकसान की कोई खबर नहीं है। सुनामी की वॉर्निंग जारी नहीं की गई है। नवंबर 2022 को इंडोनेशिया के मुख्य आईलैंड जावा में 5.6ल तीव्रता का भूकंप आया था। इसमें 268 लोगों की मौत हुई थी। 700 से ज्यादा लोग घायल हुए थे।
मानव तस्करी मामले में NIA की 10 राज्यों छापेमारी, जम्मू में म्यांमार का एक नागरिक पकड़ा गया
नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (NIA) ने मानव तस्करी के मामले में 10 राज्यों छापेमारी की। इन राज्यों में त्रिपुरा, असम, पश्चिम बंगाल, कर्नाटक, तमिलनाडु, तेलंगाना, हरियाणा, पुडुचेरी, राजस्थान और जम्मू-कश्मीर शामिल हैं।
रेड के दौरान जम्मू से म्यांमार के एक रोहिंग्या मुस्लिम को हिरासत में लिया गया है। उसका नाम जफ्फार आलम बताया जा रहा है। उसे जम्मू के बठिंडी इलाके से रात करीब 2 बजे पुलिस ने पकड़ा। एक अन्य आरोपी फरार है।
छत्तीसगढ़ CM के करीबी पटाखा व्यवसायी के घर ED की रेड; एक महीने में दूसरी बार पहुंची टीम
प्रवर्तन निदेशालय (ED) के अधिकारी बुधवार 8 नवंबर की सुबह मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के करीबी और पटाखा व्यापारी सुरेश घींगानी के घर पहुंची। ईडी ने सुरेश के घर एक महीने में दूसरी बार छापामार कार्रवाई की है।
कहा जा रहा है कि उन्हें महादेव और अन्य घोटालों के लेनदेन से जुड़े अहम सबूत मिले हैं। इसी से जुड़े दस्तावेज खंगालने और पूछताछ करने टीम पहुंची है।