नई दिल्ली । भारतीय घुड़सवारी महासंघ (ईएफआई) ने कहा है कि दिल्ली राष्ट्रीय घुड़सवारी चैंपियनशिप 24 अप्रैल से आरवीसी सेंटर एवं कॉलेज में आयोजित की जाएगी।

यह चैंपियनशिप एक मई तक चलेगी और यह एशियाई खेलों के लिये अभ्यास प्रतियोगिता के तौर पर रहेगी। इवेंटिंग घुड़सवारी की ऐसी स्पर्धा है जहां एक घोड़ा और उसका सवार ड्रेसेज, क्रॉस कंट्री और शो जंपिंग में अन्य प्रतियोगियों के खिलाफ उतरते हैं।

इसमें प्रतियोगियों को प्रत्येक चरण में पेनल्टी अंक मिलते हैं और अंत में घोड़े और सवार की जिस जोड़ी को सबसे कम अंक मिलते हैं उसे ही विजेता घोषित कर दिया जाता है।

ईएफआई के अनुसार महासंघ के संयुक्त सचिव लेफ्टिनेंट कर्नल एमएम रहमान ने कहा, ‘‘राष्ट्रीय घुड़सवारी चैंपियनशिप एक ऐसा आयोजन है जहां नवोदित खिलाड़ियों को अपना कौशल दिखाने का अवसर मिलता है। यह चीन के हांगजो में होने वाले एशियाई खेलों में देश का प्रतिनिधित्व करने वाले घुड़सवारों के लिये अपनी तैयारियों को बेहतर करने का एक अहम अवसर भी है।’’