आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : वाराणसी में नाना पाटेकर ने एक युवक को थप्पड़ जड़ दिया। अभिनेता गेट-अप में दशाश्वमेध रोड पर शूटिंग स्पॉट पर खड़े थे। तभी एक युवक उनके बगल में आकर खड़ा हो गया और सेल्फी लेने लगा। इतने में नाना को गुस्सा आ गया और उन्होंने युवक को जोरदार थप्पड़ मार दिया। बाद में क्रू मेंबर ने उस शख्स की गर्दन पकड़कर उसे वहां से निकाला। वहां मौजूद किसी ने इसे कैमरे में कैद करके वायरल कर दिया है।

यह वीडियो मंगलवार का बताया जा रहा है। जर्नी फिल्म की शुरुआत एक भक्ति गाने से हो रही है। नाना पाटेकर एक सीन के लिए दशाश्वमेध मार्ग पर खड़े थे। शूटिंग स्पॉट के आसपास सुरक्षाकर्मी खड़े थे। तभी सुरक्षाकर्मियों के बीच से एक युवक नाना पाटेकर के पास पहुंच गया। इसके बाद वहां मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने युवक को शूटिंग स्थल से बाहर कर दिया। दोबारा शूटिंग शुरू हुई।

“नाना का मार्केट में घूमने का सीन था”

बताया जा रहा है कि दशाश्वमेध चौक पर जो शूटिंग हो रही थी उसमें नाना पाटेकर को मार्केट में घूमते हुए दिखाना था। इसलिए फिल्म निर्माताओं ने बनारस के दशाश्वमेध चौक को चुना था। इस घटना के बाद लगभग 1 घंटे तक दशाश्वमेध चौक पर शूटिंग हुई। फिल्म जर्नी की शूटिंग वाराणसी में देव दीपावली तक होनी है। अब तक फिल्म जर्नी की शूटिंग वाराणसी के अस्सी घाट, तुलसी घाट, दशाश्वमेध घाट और दशाश्वमेध चौक क्षेत्र में हो चुकी है।

गदर 2 की कामयाबी के बाद डायरेक्टर अनिल शर्मा नाना पाटेकर और अपने बेटे उत्कर्ष शर्मा को लेकर ‘जर्नी’ फिल्म की शूटिंग कर रहे हैं। शूटिंग की शुरुआत उन्होंने वाराणसी के अस्सी घाट से की है। काशी में एक भक्ति गीत को शूट किया गया है। जिसे फिल्म में शामिल किया जाएगा।

अब पढ़िए वाराणसी और फिल्म को लेकर नाना पाटेकर ने क्या कुछ कहा…

फ़िल्म के माध्यम से होगा भारत दर्शन

घटना से पहले वाराणसी पहुंचने के बाद नाना पाटेकर ने पत्रकारों से बातचीत में कहा था कि फिल्म की कहानी जिस तरह से बनी हुई है। उसमें कुछ पार्ट की शूटिंग वाराणसी, हिमाचल और उत्तराखंड में होगी। इस फिल्म के माध्यम से हम भारत का दर्शन कराएंगे।

वाराणसी की ट्रैफिक व्यवस्था है बहुत खराब

नाना पाटेकर ने बोला कि पहले के बनारस और अबके बनारस में बहुत अंतर हो गया है। अब पुराना बनारस कहीं गुम हो गया है। यहां बहुत भीड़ हो गई है। मैं बौखला जा रहा हूं। यहां मुझे कुछ समझ नहीं आ रहा है। यहां की ट्रैफिक व्यवस्था अच्छी नहीं है। उसके लिए अनुशासन जरूरी है, क्योंकि जहां 10 मिनट में पहुंचना है वहां घंटा भर लग रहा है।

युवक को थप्पड़ मारने को लेकर प्रतिक्रियाएं आनी शुरू

फिल्म अभिनेता नाना पाटेकर ने वाराणसी में शूटिंग के दौरान एक युवक को थप्पड़ मार दिया था। जिस पर अब प्रतिक्रियाएं आनी शुरू हो गई हैं। आजाद अधिकार सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमिताभ ठाकुर ने फिल्म स्टार नाना पाटेकर द्वारा एक युवक को थप्पड़ मारे जाने व उनके क्रू द्वारा गले को पकड़े जाने के मामले में एफआईआर दर्ज किए जाने की मांग की है।

पुलिस कमिश्नर वाराणसी को भेजी अपनी शिकायत में अमिताभ ठाकुर ने कहा है कि नाना पाटेकर ने जर्नी फिल्म की शूटिंग के दौरान दशाश्वमेध घाट के पास शूटिंग के दौरान सेल्फी ले रहे युवक को थप्पड़ जड़ दिया। जिसके संबंध में वायरल हो रहे वीडियो को देखने से स्पष्ट है कि यह एक आपराधिक कृत्य है। उन्होंने कहा कि इस अपराध की गंभीरता इस कारण और बढ़ जाती है कि यह समाज में एक अत्यंत ही महत्वपूर्ण स्थान प्राप्त सुप्रसिद्ध फिल्म स्टार द्वारा आपराधिक कार्य है। अमिताभ ठाकुर ने इस घटना की सामाजिक रूप से अतीत गंभीरता को देखते हुए तत्काल एफआईआर दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई की मांग की है।

अन्नकूट पर रजत विग्रह में काशी पुराधिपति का भव्य दर्शन:56 व्यंजनों से सजाया बाबा विश्वनाथ-मां अन्नपूर्ण का दरबार, पंच बदन प्रतिमा हुईं प्रतिष्ठित

काशी विश्वनाथ मंदिर और मां अन्नपूर्णा मंदिर में आज अन्नकूट महोत्सव का आयोजन किया गया। अन्नकूट पर काशी विश्वनाथ धाम में वर्षों पुरानी विशिष्ट परंपरा का निर्वहन हुआ। बाबा श्री काशी विश्वनाथ के पंच बदन प्रतिमा की भव्य झांकी सजाई गई है।