आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : मध्यप्रदेश के मुख्य चुनाव आयुक्त एक दिवसीय दौरे पर आज शुक्रवार को जबलपुर आ रहें है। मुख्य चुनाव आयुक्त जबलपुर में तीन संभाग के पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की बैठक लेंगे। मैराथन बैठक के बाद आज शाम को ही शहर के भंवरताल पार्क में उनका कार्यक्रम होगा, जिसमें मुख्य चुनाव आयुक्त स्वीप कार्यक्रम के तहत पहली बार वोट करने वाले युवा वोटर को चुनाव संबंधित जानकारियां देंगे साथ ही उनके सवालों का जवाब देंगे।

मध्यप्रदेश के मुख्य निर्वाचन आयुक्त अनुपम राजन शुक्रवार की सुबह करीब 10:30 बजे जबलपुर पहुंचेंगे इसके बाद वह होटल कल्चुरी में जबलपुर-रीवा और शहडोल संभाग के अधिकारियों की चुनाव से संबंधित बैठक लेंगे। बताया जा रहा है कि इस बैठक में तीनों संभाग के कमिश्नर,आईजी, डीआईजी और 24 जिलों के कलेक्टर, एसपी, निगम आयुक्त सहित अपर कलेक्टर मौजूद रहेंगे। मुख्य निर्वाचन आयुक्त की बैठक आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर होने जा रही है। अधिकारियों की यह बैठक दो चरणों में होगी।

चुनाव से संबंधित अधिकारियों की बैठक लेने के बाद मुख्य चुनाव आयुक्त अनुपम राजन शहर के भंवरताल गार्डन जाएंगे जहां पर की स्वीप कार्यक्रम के तहत पहली बार वोट करने वाले युवा वोटर को चुनाव आयोग की गतिविधियों से जुड़े हुए सवालों का जवाब देंगे। इस कार्यक्रम को भंवरताल पार्क में रखने का उद्देश्य यह भी है कि आम जनता भी मुख्य चुनाव आयुक्त की चुनाव से संबंधित दी जा रही जानकारियां ले सकेंगे। गुरुवार की शाम को जबलपुर कलेक्टर सौरभ कुमार सुमन, नगर निगम आयुक्त स्वप्निल वानखेडे ने अधिकारियों के साथ भंवरताल गार्डन में हो रही तैयारी का जायजा लिया।