सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस /आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : आंचलिक विज्ञान केन्द्र, भोपाल द्वारा अंतर्राष्ट्रीय खगोलीय संघ (इंटरनेशनल एस्ट्रोनॉमिकल यूनियन) के वैश्विक (100 घंटे खगोल विज्ञान) कार्यक्रम के अंतर्गत 4 अक्टूबर 2026 तक विभिन्न खगोल विज्ञान आधारित जन-जागरूकता एवं शैक्षणिक गतिविधियों का आयोजन किया गया। अंतर्राष्ट्रीय खगोलीय संघ (इंटरनेशनल एस्ट्रोनॉमिकल यूनियन) विश्व का प्रमुख अंतर्राष्ट्रीय खगोलीय संगठन है, जिसका उद्देश्य अंतर्राष्ट्रीय सहयोग के माध्यम से खगोल विज्ञान के विभिन्न क्षेत्रों में अनुसंधान, शिक्षा, संचार एवं जन-जागरूकता को बढ़ावा देना तथा खगोल विज्ञान को अधिक से अधिक लोगों तक पहुँचाना है। (इंटरनेशनल एस्ट्रोनॉमिकल यूनियन) के ऑफ़िस फ़ॉर एस्ट्रोनॉमी आउटरीच द्वारा 100 आवर्स ऑफ़ एस्ट्रोनॉमी’ जैसे वैश्विक जनसहभागिता कार्यक्रमों के माध्यम से दुनिया भर के लोगों को एक साझा आकाश के नीचे खगोल विज्ञान से जोड़ने और ब्रह्मांड के प्रति जिज्ञासा एवं वैज्ञानिक दृष्टिकोण को प्रोत्साहित करने का प्रयास किया जाता है। वर्ष 2026 में ‘100 आवर्स ऑफ़ एस्ट्रोनॉमी’ का आयोजन 4 अक्टूबर तक वैश्विक स्तर पर किया गया, जिसका विषय “हमारे सौर मंडल का एक नया नज़रिया” रहा। इस वैश्विक पहल का उद्देश्य आमजन, विद्यार्थियों और विज्ञान प्रेमियों को खगोल विज्ञान से जोड़ना, हमारे सौरमंडल एवं ब्रह्मांड के प्रति समझ विकसित करना तथा विज्ञान शिक्षा एवं वैज्ञानिक जिज्ञासा को बढ़ावा देना है। इसी वैश्विक पहल के अंतर्गत आंचलिक विज्ञान केन्द्र, भोपाल में विभिन्न रोचक एवं ज्ञानवर्धक गतिविधियाँ आयोजित की गईं। इनमें प्रमुख रूप से ओपन हाउस क्विज, हॉल ऑफ स्पेस एक्सप्लोरेशन का विशेष गैलरी भ्रमण, रॉकेटरी प्रदर्शन तथा ऑनलाइन खगोल विज्ञान क्विज शामिल रहे।
हॉल ऑफ स्पेस एक्सप्लोरेशन के विशेष गैलरी भ्रमण के माध्यम से विद्यार्थियों एवं आगंतुकों को भारत की अंतरिक्ष यात्रा, अंतरिक्ष विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी की उपलब्धियों तथा सौरमंडल एवं ब्रह्मांड से संबंधित विभिन्न वैज्ञानिक अवधारणाओं को जानने और समझने का अवसर मिला। वहीं रॉकेटरी प्रदर्शन के माध्यम से विद्यार्थियों को रॉकेट के कार्य करने के मूल सिद्धांतों, प्रणोदन तथा अंतरिक्ष प्रक्षेपण से संबंधित वैज्ञानिक अवधारणाओं को सरल एवं रोचक तरीके से समझाया गया। कार्यक्रम के दौरान आयोजित ओपन हाउस क्विज एवं ऑनलाइन क्विज में विद्यार्थियों एवं आमजन ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इन गतिविधियों ने प्रतिभागियों को खगोल विज्ञान से जुड़े अपने ज्ञान को परखने के साथ-साथ नई वैज्ञानिक जानकारियाँ प्राप्त करने का अवसर प्रदान किया। इन सभी कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों, शिक्षकों, परिवारों एवं आम आगंतुकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रमों के माध्यम से आंचलिक विज्ञान केन्द्र, भोपाल ने वैश्विक ‘100 आवर्स ऑफ़ एस्ट्रोनॉमी’ पहल के साथ जुड़ते हुए खगोल विज्ञान को जनसामान्य तक पहुँचाने और विशेष रूप से युवा पीढ़ी में अंतरिक्ष विज्ञान के प्रति रुचि एवं वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने का प्रयास किया। आंचलिक विज्ञान केन्द्र, भोपाल द्वारा भविष्य में भी विद्यार्थियों एवं आमजन को विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी से जोड़ने तथा वैज्ञानिक सोच को प्रोत्साहित करने के लिए ऐसे इंटरैक्टिव, शैक्षणिक एवं जन-जागरूकता कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जाते रहेंगे।
Hashtags: #MadhyaPradeshState #Bhopal #100 #एनएन #टवर #आईट #टरन #शनल #2026 #आचलकव