सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस /आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : डॉ. मनीषा श्रीवास्तव ने भोपाल मेमोरियल हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर (बीएमएचआरसी) के निदेशक का कार्यभार ग्रहण कर लिया है। भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) को डॉ. मनीषा श्रीवास्तव की नियुक्ति के संबंध में आदेश जारी किए । डॉ. मनीषा श्रीवास्तव पिछले करीब तीन वर्षों से बीएमएचआरसी की प्रभारी निदेशक के रूप में संस्थान का नेतृत्व कर रही थीं। अब उन्होंने पूर्णकालिक निदेशक के रूप में कार्यभार संभाला है। निदेशक की जिम्मेदारी के लिए चुने जाने पर डॉ. मनीषा श्रीवास्तव ने आईसीएमआर के महानिदेशक डॉ. राजीव बहल के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि बीएमएचआरसी में आने वाले मरीज हमेशा उनकी प्राथमिकता में रहेंगे। उनका प्रयास रहेगा कि प्रत्येक मरीज को अस्पताल में बेहतर एवं उत्कृष्ट चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध हों तथा मरीजों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की जा सकें। उन्होंने कहा कि संस्थान में अनुसंधान गतिविधियों को और अधिक सुदृढ़ एवं व्यापक बनाने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। इसके अंतर्गत ऐसे अनुसंधान को प्रोत्साहित किया जाएगा, जिनके निष्कर्षों को प्रयोगशाला एवं अकादमिक स्तर से आगे बढ़ाकर वास्तविक रोगी देखभाल और स्वास्थ्य सेवाओं में उपयोग किया जा सके। ट्रांसलेशनल रिसर्च के माध्यम से शोध निष्कर्षों को क्लिनिकल प्रैक्टिस तक पहुंचाने तथा मरीजों के उपचार और स्वास्थ्य परिणामों में सुधार लाने का प्रयास किया जाएगा।

इसके साथ ही कम्युनिटी-बेस्ड रिसर्च को बढ़ावा देकर समुदाय की वास्तविक स्वास्थ्य आवश्यकताओं और स्थानीय स्तर की स्वास्थ्य समस्याओं पर आधारित अनुसंधान को प्रोत्साहित किया जाएगा। अस्पताल में किए जा रहे शोध को समुदाय की जरूरतों से जोड़ते हुए ऐसे शोध मॉडल विकसित करने पर जोर रहेगा, जिनका व्यापक स्तर पर स्वास्थ्य सेवाओं में उपयोग किया जा सके। उन्होंने कहा कि मरीजों की आवश्यकताओं, क्लिनिकल अनुभव और वैज्ञानिक अनुसंधान के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर शोध को वास्तविक स्वास्थ्य लाभ में परिवर्तित करना संस्थान की प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा, एवं राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों से संबंधित अनुसंधान एवं गतिविधियों को विशेष रूप से प्रोत्साहित किया जाएगा।


Hashtags: #MadhyaPradeshState #Bhopal #एमएचआरस #एनएन #टवर #आईट #रहण #आईस #एमआर #मनषशर