नई दिल्ली । क्रिकेट के रोमांच आईपीएल-2022 में खिलाड़ियों के नए नए खुलासे हो रहे है। 33वें मैच में चेन्नई सुपर किंग्स ने मुंबई इंडियंस को एक रोमांचक मुकाबले में 3 विकेट से हराया। इस मैच में चेन्नई को आखिरी गेंद पर जीत के लिए 4 रन चाहिए थे और महेंद्र सिंह धोनी ने जयदेव उनादकट की गेंद पर चौका जड़कर चेन्नई को जीत दिला दी। धोनी के अलावा एक और खिलाड़ी की चेन्नई की जीत में अहम भूमिका थी।
वो हैं तेज गेंदबाज मुकेश चौधरी। पिछले सीजन में मुकेश चौधरी चेन्नई सुपर किंग्स के साथ बतौर नेट बॉलर जुड़े थे। इसी दौरान उन्होंने अपनी गेंदबाजी से धोनी को काफी प्रभावित किया था। इसलिए इस बार मेगा ऑक्शन में चेन्नई सुपर किंग्स ने मुकेश को 20 लाख की बेस प्राइस में खरीदा और इस सीजन में टीम के अहम गेंदबाजों के चोटिल होने की वजह से मुकेश को खेलने का मौका मिला और इस बाएं हाथ के गेंदबाज ने अपनी गेंदबाजी से सबको प्रभावित किया।
मुकेश चौधरी ने मुंबई इंडियंस के खिलाफ पिछले मैच में शानदार गेंदबाजी की और चेन्नई की जीत की नींव रखी। उन पर चेन्नई सुपर किंग्स के टीम मैनेजमेंट को कितना भरोसा है। इसका अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि मुंबई के खिलाफ मुकाबले में उन्होंने गेंदबाजी की शुरुआत की और पहले ही ओवर में रोहित शर्मा और ईशान किशन को आउट कर टीम के इस भरोसे पर खरे खतरे। मुकेश ने मैच में 3 मैच में 19 रन देकर 3 विकेट लिए। लेकिन, महाराष्ट्र की तरफ से घरेलू क्रिकेट खेलने वाले इस गेंदबाज ने खुलासा किया कि उन्होंने बचपन में कभी क्रिकेट खेलने के बारे में नहीं सोचा था।
मुकेश ने मुंबई इंडियंस के खिलाफ मैच के बाद कहा, ‘मेरा सफर अलग रहा है। मैंने कभी नहीं सोचा था कि मैं क्रिकेट खेलूंगा। मैं पुणे के एक बोर्डिंग स्कूल में था। वहां रोज स्पोर्ट्स पीरियड होता है, जिसमें मैं हर तरह के खेल में हिस्सा लेता था। लेकिन 11वीं और 12वीं क्लास में आते-आते पढ़ाई से मेरा मन हटने लगा। इसके बाद मैंने क्रिकेट में रुचि लेनी शुरू की और इस तरह मेरे क्रिकेटर बनने की शुरुआत हुई।’ इस बाएं हाथ के तेज गेंदबाज ने आगे कहा, मैं सिर्फ एक पावरप्ले गेंदबाज नहीं हूं।
मुझे पता है कि उस अवधि में विकेट हासिल करने के लिए गेंद को स्विंग कराना जरूरी है। ईशान किशन को क्लीन बोल्ड करने के सवाल पर मुकेश ने कहा कि कोच की निगरानी में मैं अपनी रिस्ट पोजीशन पर रोज काम कर रहा हूं। अब मुझे ऐसा करते हुए एक महीना हो गया है। मैं इस सीजन के पहले मैच से ही इस पर काम कर रहा था और अब नतीजे नजर आने लगे हैं। मुझ पर कोई दबाव नहीं है। सभी सीनियर खिलाड़ी हमेशा मदद के लिए तैयार रहते हैं और मुझे खुलकर खेलने के लिए कहते हैं।
आईपीएल 2022 में मुकेश चौधरी ने अब तक खेले 6 मैच में 28.28 की औसत से 7 विकेट लिए हैं। वो हर 17 गेंद पर एक शिकार कर रहे हैं। इससे पहले उन्होंने गुजरात, आरसीबी, हैदराबाद और पंजाब किंग्स के खिलाफ एक-एक विकेट लिए थे। मुकेश चौधरी ने अब तक 13 फर्स्ट क्लास मैच में 33 की औसत से 38 विकेट लिए हैं। वे एक बार मैच में 4 विकेट ले चुके हैं। इसके अलावा वे लिस्ट-ए के 12 मैच में 17 विकेट ले चुके हैं।