आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : मानूसन ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है। भारतीय मौसम विभाग ने मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र और गुजरात में अगले तीन दिन भारी बारिश की संभावना जताई है।
महाराष्ट्र के मुंबई, ठाणे, पालघर, रायगढ़, रत्नागिरी, धुले, जलगांव और नासिक जिलों में शुक्रवार के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है।
उधर दिल्ली में IMD ने अगले दो दिन बारिश की संभावना जताई है, यहां भारत मंडपम में 9-10 सितंबर को G20 समिट होनी है। इसके लिए मौसम विभाग ने प्रगति मैदान के पास एक अतिरिक्त ऑटोमेटेड वेदर स्टेशन भी स्थापित किया है।
इसके अलावा कर्नाटक, केरल और पूर्वी राज्यों त्रिपुरा, मेघालय, मणिपुर में भी बारिश की संभावना है। IMD के मुताबिक, देश में इस मानूसन सीजन 11% कम पानी बरसा है।
वहीं हिमाचल प्रदेश के किन्नौर जिले में निगुलसारी के पास लैंडस्लाइड हो गया। जिसके चलते नेशनल हाईवे 5 बंद कर दिया गया।
अगले 24 घंटे कैसे रहेंगे…
यहां भारी बारिश होगी: मध्य प्रदेश, गुजरात, महाराष्ट्र, कर्नाटक, गोवा, केरल और तमिलनाडु।
यहां हल्की बारिश होगी : UP, बिहार, राजस्थान, असम, मेघालय, नगालैंड, त्रिपुरा, मिजोरम और मणिपुर।
MP में भोपाल, इंदौर समेत प्रदेश के 16 जिलों में तेज बारिश का अलर्ट
मानसूनी सिस्टम एक्टिव होने से मध्यप्रदेश में तेज बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने खरगोन, बड़वानी और अलीराजपुर में अति भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। वहीं, इंदौर-जबलपुर समेत 20 जिलों में भी तेज बारिश होने का अनुमान है। भोपाल में कहीं हल्की तो कहीं तेज बारिश हो सकती है।
UP में आज 24 जिलों में तेज बारिश का अलर्ट, अगले 48 घंटे होगी बारिश
UP में एक बार फिर बारिश का दौर शुरू हो चुका है। अगले 48 घंटे UP में भारी बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। आज ललितपुर, झांसी, हमीरपुर, महोबा, बांदा और फतेहपुर समेत 24 जिलों में बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया गया है।