सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्कआईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल: भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने देश के कई राज्यों में अगले 5 दिनों तक तेज गर्मी का अलर्ट जारी किया है। इसके मुताबिक, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, कर्नाटक में आज हीटवेव चलेगी। वहीं, पश्चिम बंगाल में सीवियर हीटवेव की चेतावनी जताई गई है। इन चारों राज्यों में तापमान भी 42 डिग्री तक पहुंच चुका है।

मौसम विभाग ने कहा है कि मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और उत्तर प्रदेश में आने वाले 4-5 दिनों में 42 डिग्री से भी पार पहुंचेगा। हालांकि, मध्य प्रदेश-छत्तीसगढ़ में हल्की बारिश का भी अनुमान है, लेकिन इससे गर्मी का असर कम नहीं होगा।

गर्मी को देखते हुए ओडिशा में 25 अप्रैल से बच्चों की स्कूल की छुट्टियां घोषित की गई हैं। इसके अलावा छत्तीसगढ़ के भी सभी स्कूल भी 15 जून तक बंद रहेंगे।

उधर, राजधानी दिल्ली में भी तेज गर्मी का असर जारी है, हालांकि यहां तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के नीचे बना हुआ है। मौसम विभाग ने कहा कि अप्रैल महीने के आखिर में यहां तापमान 40 डिग्री के पार पहुंचेगा।

देश में गर्मी के असर के बावजूद 21 राज्यों में बारिश की संभावना जताई गई है। इनमें मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के अलावा असम, नगालैंड, अरुणाचल प्रदेश, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, ओडिशा, झारखंड, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, केरल और तमिलनाडु शामिल हैं।

कब चलती है हीटवेव?

मौसम विभाग के मुताबिक, हीटवेव तब चलती है जब मैदानी इलाकों में टेम्परेचर 40 डिग्री, कोस्टल यानी तटीय इलाकों में 37 डिग्री और पहाड़ी इलाकों में 30 डिग्री हो जाए। सामान्य से 4.5 डिग्री सेल्सियस तापमान बढ़ने पर हीटवेव और 6.4 डिग्री का इजाफा होने पर सीवियर हीटवेव चलती है।

अगले 3 दिनों का मौसम का हाल…

24 अप्रैल: नॉर्थ ईस्ट के 3 राज्यों में तेज बारिश होगी

नॉर्थ ईस्ट के 3 राज्य असम, मेघालय और मिजोरम में तेज बारिश होगी।

नगालैंड, मिजोरम, त्रिपुरा और मणिपुर में आंधी और बिजली गिरने का अनुमान है।

पश्चिम बंगाल और बिहार के कई जिलों में हीटवेव चलेगी।

केरल आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु में तेज गर्मी का दौर जारी रहेगा।

25 अप्रैल: अरुणाचल प्रदेश में भारी वर्षा की संभावना

अरुणाचल प्रदेश में अलग-अलग स्थानों पर भारी वर्षा की संभावना है।

पश्चिम बंगाल, पूर्वी उत्तर प्रदेश, सिक्किम, झारखंड, ओडिशा और बिहार में हीटवेव।

गोवा, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, केरल, तमिलनाडु, पुडुचेरी में गर्म और आर्द्र मौसम की संभावना।

26 अप्रैल: उत्तर प्रदेश समेत 6 राज्यों में हीटवेव

उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, ओडिशा, कर्नाटक, पश्चिम बंगाल में हीटवेव चलेगी।

मध्य प्रदेश, राजस्था में तापमान 42 डिग्री के आसपास बना रहेगा।

नॉर्थ ईस्ट के राज्यों में बिजली गिरने और तेज बारिश का अनुमान है।