आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : इस बार दशहरे पर मध्यप्रदेश में न तेज ठंड रहेगी और न ही बारिश होगी। सुबह-शाम जरूर हल्की ठंड का असर रहेगा। पिछले साल दशहरे के दिन बारिश हुई थी। इससे त्योहार का मजा किरकिरा हो गया था। भोपाल, इंदौर समेत प्रदेश के कई शहरों में रावण के पुतले बारिश की वजह से भीग गए थे। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अक्टूबर में प्रदेश में गुलाबी ठंड ही रहेगी। नवंबर के पहले सप्ताह से तेज ठंड पड़ेगी।
सीनियर मौसम वैज्ञानिक एचएस पांडे ने बताया कि उत्तर भारत में वेस्टर्न डिस्टरबेंस (पश्चिमी विक्षोप) एक्टिव है। जिसका असर मध्यप्रदेश में तो नहीं है। इस कारण बारिश नहीं होगी। बादल छाए रहेंगे। इससे टेम्प्रेचर न बढ़ेगा और न ही घटेगा। 24-25 अक्टूबर को भी एक और वेस्टर्न डिस्टरबेंस एक्टिव हो जाएगा। इस वजह से अक्टूबर में तेज ठंड का असर नहीं रहेगा।
रविवार को ऐसा रहा मौसम
रविवार को प्रदेश में मौसम का असर मिला-जुला देखने को मिला। कई शहरों में पारा 32 डिग्री के नीचे ही रहा। सबसे कम तापमान पचमढ़ी में 28 डिग्री दर्ज किया गया। बैतूल में पारा 29.5 डिग्री रहा। वहीं, बालाघाट के मलाजखंड में तापमान 28.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
भोपाल में 33.9 डिग्री, इंदौर में 32.8 डिग्री, ग्वालियर में 33.7 डिग्री, जबलपुर में 31.8 डिग्री और उज्जैन में तापमान 34.5 डिग्री सेल्सियस रहा।
खरगोन, धार, छिंदवाड़ा, नौगांव, रीवा, सतना, सिवनी और उमरिया में तापमान 32 डिग्री से कम ही दर्ज किया गया।
रात के तापमान की बात करें तो पचमढ़ी में सबसे कम 14.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मलाजखंड में पारा 15.5 डिग्री दर्ज किया गया। ज्यादातर शहरों में तापमान 20 डिग्री के नीचे ही रहा।