आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : मानूसन ने वापस जाते-जाते पूरे देश को एक बार फिर से भिगो दिया है। मौसम विभाग के मुताबिक, आज देश के लगभग सभी राज्यों में बारिश होगी। वहीं मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और हरियाणा के कुछ जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
यूपी में अगले तीन दिन यानी 17 सितंबर तक तेज बारिश होने की संभावना है। वहीं एमपी में 18 सितंबर तक खूब पानी बरसेगा। इसके बाद फिर नया सिस्टम एक्टिव हो जाएगा, जो 24 सितंबर तक रहेगा। वहीं दिल्ली-हरियाणा में शुक्रवार सुबह से बारिश हो रही है।
वहीं बिजनौर में नेपाल से आ रही फ्रेंडशिप बस मंडावली इलाके के कोटावाली नदी पर बारिश के पानी में फंस गई। नदी का पानी उफान पर था। बस में 53 यात्री सवार थे। जिन्हें पोकलेन जेसीबी की मदद से सुरक्षित निकाला गया।
अगले 24 घंटे कैसे रहेंगे…
यहां तेज बारिश होगी : उत्तराखंड, राजस्थान, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़।
अन्य राज्यों में मौसम का हाल…
MP के भोपाल, इंदौर में ऑरेंज अलर्ट, कुल 36 जिलों में तेज बारिश की संभावना
मध्य प्रदेश में शुक्रवार सुबह से ही भोपाल, नर्मदापुरम और छिंदवाड़ा, रायसेन में तेज बारिश शुरू हो गई। भोपाल, इंदौर, नर्मदापुरम, उज्जैन और सागर संभाग में ऑरेंज अलर्ट है। कुल 36 जिलों में तेज बारिश हो सकती है। गुरुवार को भोपाल, जबलपुर, इंदौर, ग्वालियर समेत 28 से ज्यादा जिलों में पानी गिरा। 24 घंटे के अंदर बालाघाट जिले के मलंजखंड में 6.5, सिवनी में 5.7 और नरसिंहपुर में 4 इंच बारिश दर्ज की गई।
गाजियाबाद में बारिश, सड़कों पर पानी भरा, मेरठ-हापुड़ में सुबह से बारिश, आज 20 जिलों में अलर्ट
मौसम विभाग के मुताबिक, शुक्रवार को यूपी के 20 जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। अलर्ट के बीच मौसम वैज्ञानिक मानते हैं कि 17 सितंबर तक हवा का दबाव बनने से बारिश होती रहेगी। गुरुवार को झांसी में 54 MM बारिश रिकॉर्ड की गई थी।
जयपुर, सीकर समेत 10 जिलों में 2 इंच से ज्यादा बरसात; आज 5 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम केन्द्र जयपुर ने आज राज्य के पूर्वी हिस्से में 23 जिलों में बारिश की संभावना जताई है। वहीं, इनमें से 5 जिले ऐसे हैं, जहां भारी बारिश होने के आसार हैं। यहां यलो अलर्ट जारी किया है। बीती रात जयपुर, सीकर, अजमेर, टोंक, प्रतापगढ़ समेत 10 से ज्यादा जिलों में एक से दो इंच और कहीं-कहीं उससे ज्यादा बरसात हुई।