आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : मध्यप्रदेश के नए मुख्यमंत्री मोहन यादव बुधवार को दोपहर 12 बजे पद और गोपनीयता की शपथ लेंगे।

मोतीलाल नेहरू स्टेडियम में होने वाले समारोह में पीएम नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्‌डा समेत कई केंद्रीय मंत्री और भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री शामिल होंगे। जगदीश देवड़ा और राजेंद्र शुक्ला डिप्टी सीएम के रूप में शपथ लेंगे। संभावना है कि कुछ विधायक भी मंत्री पद की शपथ ले सकते हैं। दोपहर एक बजे शिवराज सिंह चौहान मीडिया से बात करेंगे।

सोमवार को भाजपा विधायक दल की बैठक में सर्वसम्मति से मोहन यादव को विधायक दल का नेता चुना गया है। शिवराज सिंह ने उनके नाम का प्रस्ताव रखा, जिसका सभी विधायकों ने समर्थन किया। मोहन यादव उज्जैन दक्षिण से विधायक हैं। वे ओबीसी वर्ग से आते हैं। संघ के करीबी हैं।

मोहन यादव ने मंगलवार को कहा, ‘मैं भाजपा का एक सामान्य कार्यकर्ता हूं, मैंने इस जिम्मेदारी को सेवक की तरह लिया है। जनता की सेवा की दिशा में काम करूंगा। कल शपथ ग्रहण समारोह होगा।

दो हजार लोगों के बैठने की व्यवस्था की जा रही

मोतीलाल नेहरू स्टेडियम में नए मुख्यमंत्री के शपथ ग्रहण समारोह की तैयारी चल रही है। यहां डोम बनाया जा रहा है, जिसमें 2000 लोगों के बैठने की व्यवस्था की जा रही है। मंच पर दो दर्जन वरिष्ठ नेता मौजूद रहेंगे। अतिथियों के लिए लाल परेड मैदान में तीन हेलीपैड बनाए जा रहे हैं।मोहन यादव मंगलवार को नरोत्तम मिश्रा के निवास पर पहुंचे। नरोत्तम ने पुष्प गुच्छ देकर उनका स्वागत किया।

नए सीएम को लेकर कांग्रेस की प्रतिक्रियाएं

पूर्व केंद्रीय मंत्री जयराम रमेश ने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा- भाजपा ने मप्र के लिए सीएम चुना भी तो एक ऐसे व्यक्ति को जिस पर उज्जैन मास्टर प्लान में हेरफेर करने समेत कई गंभीर आरोप हैं। सिंहस्थ के लिए रिजर्व 872 एकड़ जमीनों में से उनकी जमीन को लैंड यूज बदलकर अलग किया गया। इनके कई वीडियो भी वायरल हैं, जिनमें यह गाली, धमकी और आपत्तिजनक बयान देते हुए दिख रहे हैं। क्या यह है मध्यप्रदेश के लिए ‘मोदी की गारंटी’?

पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजिय सिंह ने सोशल मीडिया पोस्ट कर लिखा- मोहन यादव को हमारी हार्दिक बधाई व शुभकामनाएं। हमें उम्मीद है वे चुनाव में भाजपा द्वारा किए हुए वादे पूरे करेंगे। हमें जनता ने एक बार फिर से विपक्ष का जिम्मा सौंपा है। हम निरंतर विशेष कर दलित आदिवासी, किसान, मजदूर, गरीब और प्रदेश के हर नागरिक को न्याय दिलाने की लड़ाई लड़ते रहेंगे।

अब सोमवार का घटनाक्रम जान लीजिए…

मुख्यमंत्री पद से शिवराज ने दिया इस्तीफा।

शिवराज सिंह ने नए सीएम को बधाई भी दी। उन्होंने कहा- मध्यप्रदेश को नया मुख्यमंत्री मिल गया है। उन्हें बहुत बहुत बधाई, उनका अभिनंदन। शिवराज ने जगदीश देवड़ा और राजेंद्र शुक्ला को डिप्टी सीएम और नरेंद्र सिंह तोमर को विधानसभा अध्यक्ष बनने पर बधाई दी।