आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुरुवार को मध्यप्रदेश के दौरे पर हैं। सतना की चुनावी सभा को संबोधित कर वे छतरपुर पहुंचे।
छतरपुर में PM ने कहा, ‘अयोध्या में भगवान राम का मंदिर न बने, इसके लिए कांग्रेस ने भगवान राम को काल्पनिक बता दिया था। इन्होंने बुंदेलखंड को बूंद-बूंद पानी के लिए तरसाया, इन्हें 100 साल तक तरसाइए। सत्ता के लिए तरसाकर सजा दीजिए।’
इससे पहले सतना की चुनावी सभा में PM ने कहा, ‘अयोध्या में जिस भक्ति से हम प्रभु श्रीराम का भव्य मंदिर बना रहे हैं, उसी भक्ति से गरीबों के घर भी बनाते हैं। जिन्हें घर (PM आवास) नहीं मिले हैं, उन्हें मोदी की गारंटी है कि उनका घर भी बनेगा। 3 दिसंबर को सरकार वापसी पर PM आवास का काम तेजी से शुरू होगा। ये मोदी है, जिसने 4 करोड़ घर बनाए, लेकिन खुद के लिए घर नहीं बनाया।’
मोदी ने युवाओं खासकर फर्स्ट टाइम वोटर से कहा, ‘पूरे चुनाव को आप लीड करिए।’ PM नीमच में भी सभा को संबोधित करेंगे।
छतरपुर में प्रधानमंत्री की 3 खास बातें…
कांग्रेस वाले रिवर्स गियर के एक्सपर्ट: कांग्रेस के लिए देश दिल्ली से शुरू होकर दिल्ली में खत्म हो जाता था। योजनाएं दिल्ली के एक कमरे में घोषित होती थीं। इनके एक नेता विदेशी दोस्तों को भारत की गरीबी दिखाते थे। कांग्रेस वाले रिवर्स गियर के एक्सपर्ट हैं। इनकी हर योजना देश को पीछे ले जाने वाली होती है।
केन-बेतवा लिंक को मोदी का इंतजार क्यों करना पड़ा?: बुंदेलखंड में केन-बेतवा नदियां मोदी के पहले भी थीं। फिर केन-बेतवा लिंक परियोजना को मोदी का इंतजार क्यों करना पड़ा? ये मोदी की गारंटी है कि 45 हजार करोड़ रुपए लगाकर केन-बेतवा लिंक का काम पूरा करूंगा। पानी की समस्या दूर करूंगा।
कांग्रेस के चांद-सूरज लाने वाले वादे मीठा जहर: कांग्रेस जब चांद और सूरज लाने वाले वादे करे तो समझ लेना कुछ तो गड़बड़ है। कांग्रेस के पंजे से आपको खुद को और मध्यप्रदेश को बचाना है। जब भी कांग्रेस बड़े वादे करे, ये मान लीजिए कि वो मीठा जहर देने की तैयारी कर रही है। देश के कई राज्यों में ऐसा हो चुका है।
सतना में PM के भाषण की 5 बड़ी बातें…
एक वोट में त्रिशक्तियां, यानी तीन कमाल: आपका हर वोट त्रिशक्ति की ताकत से भरा हुआ है। 1). आपका एक वोट यहां फिर से भाजपा की सरकार बनाने जा रहा है। 2). दिल्ली में मोदी को मजबूत करेगा। 3). आपका यही वोट भ्रष्टाचारी कांग्रेस को MP की सरकार से सौ कोस दूर रखेगा। यानी एक वोट, तीन कमाल।
जिनका जन्म नहीं, कांग्रेस ने उन्हें लाभार्थी बनाया: कांग्रेस ने देशभर में करीब 10 करोड़ फर्जी लाभार्थी बनाए। जिनका जन्म तक नहीं हुआ था, उनके नाम से तिजोरी से पैसे निकालती थी। ये पैसे कांग्रेस के चेले-चपाटों की जेब में जाते थे। मोदी ने ये सारे घोटाले बंद कर दिए। बिचौलियों की मौज पर भी ताला लगा दिया।
कांग्रेस आई तो योजनाएं बंद कर देगी: MP में कांग्रेस ने आपके सामने 2 ऐसे नेता खड़े किए हैं, जो कई दशकों से मध्यप्रदेश कांग्रेस को चलाते हैं। आजकल दोनों एक-दूसरे के कपड़े फाड़ रहे हैं। कांग्रेस आई तो मुफ्त राशन मिलना बंद हो जाएगा। मुफ्त में इलाज मिलना बंद हो जाएगा। लाड़ली बहना योजना बंद हो जाएगी
जहां कांग्रेस आई, वहां तबाही लाई: मतदान से पहले ही कांग्रेस के झूठ का गुब्बारा फूट गया है। उसके पास मध्यप्रदेश के विकास का कोई रोडमैप नहीं है। कांग्रेस के थके-हारे चेहरों में MP के युवाओं को कोई भविष्य नहीं दिखता। इसीलिए MP को मोदी की गारंटी पर भरोसा है। जहां-जहां कांग्रेस आई, वहां तबाही लाई है।
सतना से विश्व शांति का संदेश: ये सतना का ही सामर्थ्य है कि बंदूक की नली से संगीत के सुर निकलते हैं। विश्व में जब चारों तरफ बम-बंदूक की आवाजें सुनाई दे रही हैं, भारत जैसे देश आज दुनिया में अपने विचार का प्रभाव पैदा करने का प्रयास कर रहे हैं। युद्ध की मानसिकता वाले मानव समुदाय को सतना की इस धरती का ये बहुत ही सशक्त संदेश है।