सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल: भारत में एक वेजिटेरियन थाली की कीमत मई में सालाना आधार पर 9% बढ़कर 27.8 रुपए हो गई है। पिछले साल मई 2023 में वेज थाली की कीमत 25.5 रुपए थी। क्रिसिल ने गुरुवार (6 जून) को जारी किए अपने फूड प्लेट कॉस्ट के मंथली इंडिकेटर में इस बात की जानकारी दी।
क्रिसिल ने बताया कि वेजिटेरियन थाली की कीमत में पिछले महीने अप्रैल की तुलना में मई में 1% की बढ़ोतरी देखने को मिली है। अप्रैल में वेज थाली की कीमत 27.4 रुपए थी।
टमाटर, आलू और प्याज के कारण वेज थाली की कीमत बढ़ी
क्रिसिल की रिपोर्ट के मुताबिक, सालाना आधार पर टमाटर (39%), आलू (41%) और प्याज (46%) की कीमतों में बढ़ोतरी के कारण वेज थाली की कॉस्ट में ये ग्रोथ देखने को मिली है। सालाना आधार पर चावल (13%) और दालों (21%) की कीमतों में भी बढ़ोतरी देखने को मिली है।
क्रिसिल ने बताया कि जीरा, मिर्च और वेजिटेबल ऑयल की कीमतों में गिरावट के कारण वेज थाली की कीमत में और ग्रोथ देखने को नहीं मिली। जीरा की कीमत में 37%, मिर्च में 25% और वेजिटेबल ऑयल की प्राइस में 8% की गिरावट आई है।
नॉन-वेज थाली की कीमत मई में 7% गिरकर 55.9 रुपए हुई
क्रिसिल की रिपोर्ट के मुताबिक, नॉन-वेज थाली की कीमत मई में सालाना आधार पर 7% गिरकर 55.9 रुपए हो गई है। पिछले साल मई 2023 में नॉन वेज थाली की कीमत 59.9 रुपए थी।
क्रिसिल ने बताया कि नॉन वेज थाली की कीमत में ये गिरावट ब्रॉयलर्स यानी चिकन की प्राइस में सालाना आधार पर 16% की कमी के चलते आई है।
नॉन-वेज थाली की लागत में ब्रॉयलर की 50% हिस्सेदारी होती है। वहीं अप्रैल में 56.3 रुपए की तुलना में नॉन-वेज थाली तैयार करने की लागत में 1% की कमी आई है।
ऐसे कैलकुलेट होती है थाली की एवरेज कॉस्ट
क्रिसिल ने नॉर्थ, साउथ, ईस्ट और वेस्ट इंडिया में मौजूदा फूड कीमतों के आधार पर घर में थाली तैयार करने की एवरेज कॉस्ट कैलकुलेट की है। मंथली चेंज से आम आदमी के खर्च पर असर पड़ता है।
क्रिसिल के डेटा से अनाज, दालें, ब्रॉयलर्स (चिकन), सब्जियां, मसाले, एडिबल ऑयल और कुकिंग गैस सहित उन सामग्रियों का भी पता चलता है, जो थाली की कीमत में बदलाव लाते हैं।
वेज थाली में रोटी, सब्जियां (प्याज, टमाटर और आलू), चावल, दाल, दही और सलाद शामिल होता है। वहीं नॉन-वेज थाली के लिए दाल की जगह चिकन को शामिल किया गया है।