मुंबई । इंडियन प्रीमियर लीग 2022 में अब तक 20 मैच खेले जा चुके हैं। 2 नई टीमों को अगर छोड़ दें, तब सभी पुरानी आठ टीमों ने कम से कम 4 मैच खेल लिए हैं। पांच टीमों के 6-6 अंक हैं, जबकि एक टीम अभी तक अजेय बनी हुई है। वहीं आईपीएल की दो सबसे सफल टीमों को अभी जीत का खाता खोलना बाकी है।
ऑस्ट्रेलिया के पूर्व क्रिकेटर और चेन्नई सुपर किंग्स का हिस्सा रहे मैथ्यू हेडन ने आईपीएल 2022 में अपनी फेवरेट टीम चुनी है। उन्होंने अपनी सबसे पसंदीदा टीम के तौर पर गुजरात टाइटंस को चुनाकर उसकी जमकर तारीफ की। हेडन को लगता है कि गुजरात टाइटंस वह टीम है, जिससे हर विपक्षी टीम को सावधान रहना चाहिए। गुजरात की टीम शुरुआत के तीनों मैच लगातार जीत चुकी है। हालांकि अंकतालिका में गुजरात टाइटंस की टीम राजस्थान रॉयल्स और कोलकाता नाइट राइडर्स के बाद तीसरे स्थान पर काबिज है।
पिछले हफ्ते पंजाब किंग्स के खिलाफ मिली जीत के बाद मैथ्यू हेडन ने कहा था इन तीन मैचों में हार्दिक पंड्या की टीम ने बहुत सकारात्मकता दिखाई है। हेडन के मुताबिक, आप केवल अपनी टीम के जितना अच्छा खेल सकते हैं। इनदिनों गुजरात की टीम अपने खेल में शीर्ष पर है। टॉप ऑर्डर में शुभमन गिल गेम को नियंत्रित कर रहे हैं। उनके अलावा दूसरे खिलाड़ियों का भी योगदान है। कुल मिलाकर सभी टीमें गुजरात की तरफ देख रही हैं और वे सोचती हैं कि हम उसे कैसे हराएं। गुजरात टाइटंस मेरे फेवरेट हैं।