सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल: मध्यप्रदेश में रुझान के बाद अब नतीजे घोषित होने लगे हैं। इंदौर में बीजेपी प्रत्याशी शंकर लालवानी 11 लाख 75 हजा 92 वोट से जीत गए हैं। वहीं विदिशा से बीजेपी प्रत्याशी शिवराज सिंह चौहान ने 8 लाख 20 हजार 868 वोटों से जीत हासिल की है। टीकमगढ़ में बीजेपी प्रत्याशी वीरेंद्र कुमार खटीक की 4 लाख 3 हजार 312 वोटों से जीत हुई है।बीजेपी प्रदेश की 29 में से अब तक 3 सीटों पर जीत हासिल कर चुकी है। जबकि 26 सीटों पर आगे चल रही है।
दिग्विजय बोले- मोदी अब प्रधानमंत्री नहीं रहेंगे
राजगढ़ में दिग्विजय सिंह ने कहा- भाजपा को स्पष्ट बहुमत नहीं मिल रहा है। जो 400 का दम भरते थे। वो 300 पार भी नहीं कर रहे हैं। एनडीए अलायंस भी अब देखेंगे कि सरकार मोदी की नहीं बन रही है। तो उनमें भी थोड़ी बहुत सुगबुगाहट होना स्वाभाविक है। लेकिन इतना जरूर है कि नरेंद्र मोदी अब प्रधानमंत्री नहीं रहेंगे।
बालाघाट में भाजपा कार्यालय में आतिशबाजी, जश्न का माहौल
बालाघाट-सिवनी संसदीय क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी भारती पारधी की जीत लगभग सुनिश्चित हो गई है। भाजपा कार्यालय में जश्न शुरू हो गया है। नेता और पदाधिकारी भारती पारधी को बधाई दे रहे हैं। जीत की खुशी में पटाखे फोड़े जा रहे हैं। एकदूसरे का मुंह मीठा किया जा रहा है।
सागर में लगे जीत की बधाई के फ्लैक्स
सागर में लगे जीत की बधाई के फ्लैक्स
सागर लोकसभा सीट पर भाजपा जीत की ओर बढ़ रही है। शहर में लता वानखेड़े को बधाई देने वाले फ्लैक्स लगाए गए हैं।
खरगोन में काउंटिंग सेंटर पर बने मीडिया सेंटर के जनरेटर में आग लगी
खरगोन में काउंटिंग सेंटरी के पास मीडिया सेंटर के बाहर रखे जनरेटर में आग लग गई। जनरेटर से धुआं उठता देख फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। नगर पालिका की दो फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पाया।
मंडला में भाजपा कैंडिडेट फग्गन सिंह कुलस्ते को बधाई देने पहुंचे कार्यकर्ता
मंडला में भाजपा एक लाख से अधिक वोटों से बढ़त बनाए हुए हैं। भाजपा कार्यकर्ता फग्गन सिंह कुलस्ते को बधाई देने पहुंच रहे हैं।
सीएम डॉ. मोहन यादव से भास्कर रिपोर्टर विजय सिंह बघेल की बातचीत
सीएम डॉ. मोहन यादव ने भास्कर से कहा, मैं जनता का आभार मानता हूं, सभी 29 सीटें भाजपा जीत रही है। परमात्मा की कृपा है। प्रधानमंत्री मोदी जी के नेतृत्व में नई सरकार मध्यप्रदेश में विकास का नया कीर्तिमान बनाएगी। आजादी के बाद पहली बार ऐसा हो रहा कि मोदी जी तीसरी बार देश में अपनी सरकार बनाने जा रहे हैं। कांग्रेस कहती थी कि 4 जून के बाद मोदीजी की सरकार नहीं बनेगी, ये सभी पूर्वानुमान झूठे हैं। ये उनका सोचने का विषय कि उन्होंने क्या-क्या कहा था। 400 पार के नारे को लेकर सीएम यादव ने कहा, ये कांग्रेस का मुद्दा है कि उन्होंने कहा था कांग्रेस की सरकार बन रही है। पहले वे अपने गिरेबान में झांके, उसके बाद बताएं।
राजगढ़ भाजपा प्रत्याशी रोड़मल नागर बोले- ये तो भाजपा की ही सीट है
राजगढ़ लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी रोड़मल नागर ने कहा- ये कोई हॉट सीट नहीं है। ये भाजपा की ही सीट है और भाजपा ही जीत रही है। कांग्रेस ने यहां पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह को मैदान में उतारा है।