भारत की मनिका बत्रा को अंतरराष्ट्रीय टेबल टेनिस महासंघ (आईटीटीएफ) की ताजा रैंकिंग में लाभ हुआ है और वह महिला एकल वर्ग में 10 पायदान ऊपर आकर 38वीं रैंकिंग पर पहुंच गयी हैं। यह मनिका की अब तक के करियर की सर्वश्रेष्ठ रैंकिंग है। वहीं पुरुष वर्ग में भारत के ही जी साथियान 34वें स्थान पर पहुंच गये हैं। इसके अलावा
अनुभवी खिलाड़ी शरत कमल भी एक स्थान के लाभ के साथ ही 37वें पायदान पर पहुंच गए हैं। ताजा रैंकिंग में ज्यादातर भारतीय खिलाड़ियों को फायदा हुआ है।
विश्व के शीर्ष 100 एकल खिलाड़ियों में भारत के शरत और साथियान ही पुरुष वर्ग से शामिल खिलाड़ी है जबकि महिला वर्ग में मनिका के अलावा तीन अन्य खिलाड़ियों अर्चना कामत , श्रीजा अकुला और रीत टेनिसन को जगह मिली है।
अर्चना 26 स्थान की लंबी छलांग के साथ 66वें स्थान पर पहुंच गई हैं। युवा अकुला को भी नवीनतम रैंकिंग में 39 स्थान का लाभ हुआ है और वह अब दुनिया की 68वें नंबर की खिलाड़ी बन गयी हैं। रीत टेनिसन ने भी शीर्ष 100 खिलाड़ियों की सूची में पहली बार जगह बनाई है। उन्हें 197 स्थान का फायदा हुआ है और वह 97वें पायदान पर पहुंच गयी हैं।