सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्कआईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल: पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने मंगलवार को पश्चिम मेदिनीपुर में एक सभा में पीएम मोदी की गारंटी का मजाक उड़ाया। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव से पहले पीएम मोदी की गारंटियां और कुछ नहीं, हवा भरे गुब्बारे हैं, जिन्हें चुनाव से पहले हवा में उड़ाया जा रहा है। जैसे ही वोटिंग पूरी हो जाएगी, ये गुब्बारे फुस्स हो जाएंगे।

उन्होंने कहा कि याद रखिएगा, जब ममता सरकार गारंटी देती है, तो उसे पूरा करने के लिए सब कुछ करती है। लेकिन केंद्र सरकार के वादे और गारंटियां शायद ही कभी पूरे होते हैं। इन गारंटियां का लोगों को कोई फायदा नहीं मिलता है।

इसके अलावा ममता बनर्जी ने बुधवार (6 मार्च) को आशा वर्कर्स और आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के लिए बड़ा ऐलान किया। उन्होंने वर्कर्स की सैलरी बढ़ाई। ममता ने कहा- आशा कार्यकर्ता हमारा गौरव हैं, क्योंकि वे बहुत मेहनत करती हैं। वे हर बुरे वक्त में हमारा साथ देती हैं। मुझे यह घोषणा करते हुए खुशी हो रही है कि अप्रैल महीने से उनके वेतन में 750 रुपये की बढ़ोतरी की गई है।

ममता बोलीं- हम लगातार केंद्र के षड्यंत्रों से लड़ रहे हैं

ममता ने कहा कि केंद्र सरकार ने बंगाल सरकार के लिए आवंटित मनरेगा फंड अब तक जारी किया है। इसलिए अब उनकी सरकार इस मामले में दखल देगी और सभी लाभार्थियों के खाते में बकाया राशि जमा कराएगा। केंद्र सरकार ने हाउसिंग स्कीम के तहत भी बंगाल सरकार का हिस्सा रोक रखा है। हालांकि केंद्र के ऐसे षड्यंत्रों के बाद भी हम लड़ रहे हैं। बंगाल को दबाया नहीं जा सकता है।

10 मार्च को TMC का शक्ति प्रदर्शन

ममता बनर्जी ने 10 मार्च को कोलकाता के ब्रिगेड परेड ग्राउंड पर शक्ति प्रदर्शन के लिए सभा बुलाई है। उन्होंने लोगों से कहा कि मैं सभी लोगों से अपील करती हूं कि वे 10 मार्च को ब्रिगेड परेड मैदान आएं और बंगाल के खिलाफ फैलाए जा रहे झूठ के खिलाफ अपनी आवाज उठाएं। ये विरोध प्रदर्शन 11 बजे से 12 बजे के बीच होगा।

पूर्वी मेदिनीपुर में बोली थीं ममता- TMC ही सत्ता में बरकरार रहेगी

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने राज्य में अपनी सरकार बने रहने का भरोसा जताया है। उन्होंने कहा कि चुनाव आते-जाते रहेंगे, लेकिन बंगाल में तृणमूल कांग्रेस सत्ता में बनी रहेगी। उन्होंने कहा कि उन्हें पार्टी की ताकत पर पूरा भरोसा है। भले ही वोट कुछ कम-ज्यादा मिलें, लेकिन तृणमूल कांग्रेस टिकी रहेगी। जो लोग पार्टी के खिलाफ नारेबाजी कर रहे हैं, उन्हें से ध्यान रखना चाहिए।

उन्होंने आगे कहा कि चुनाव के वक्त दिल्ली से कुछ लोग बंगाल आते हैं, फिर वे पूरे साल नजर नहीं आते। वे तब भी नहीं आते, जब किसी की मृत्यु हो जाती है। ममता बनर्जी सोमवार को पूर्वी मेदिनीपुर के सरकारी वितरण कार्यक्रम में पहुंची थीं। वहीं उन्होंने ये बातें कहीं। यहां उन्होंने पारंपरिक ढोल बजाया और कलाकारों के साथ लोकनृत्य भी किया।