आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : TMC सांसद महुआ मोइत्रा के खिलाफ पैसे लेकर संसद में सवाल पूछने के आरोप में 26 अक्टूबर को लोकसभा की एथिक्स कमेटी सुनवाई शुरू हो गई है। महुआ के वकील रहे जय अनंत देहाद्राई एथिक्स कमेटी के सवालों का जवाब देने पहुंच गए हैं।
जय अनंत से संसद के कमेटी रूम में पूछताछ हो रही है। कमेटी ने भाजपा सांसद निशिकांत दुबे को भी पेश होने का निर्देश दिया है। दुबे ने TMC सांसद पर आरोप लगाया था कि उन्होंने बिजनेसमैन दर्शन हीरानंदानी के कहने पर संसद में सवाल पूछे।
लोकसभा के डिप्टी सेक्रेटरी बाला गुरु ने 18 अक्टूबर को दुबे को नोटिस जारी करते हुए ये जानकारी दी थी।
एथिक्स कमेटी के सदस्यों के बारे में जान लीजिए
निशिकांत दुबे की शिकायत की सुनवाई करने वाली एथिक्स कमेटी के अध्यक्ष भाजपा सांसद विनोद कुमार सोनकर हैं। कमेटी के मेंबर के तौर पर भाजपा की ओर से वीडी शर्मा, सुमेधानंद सरस्वती, अपराजिता सारंगी, डॉ. राजदीप रॉय, सुनिता दुग्गल और सुभाष भामरे हैं।
कांग्रेस की ओर से कमेटी में वी वैथीलिंगम, एन उत्तम कुमार रेड्डी, बालासौरी वल्लभनेनी और प्रणीत कुमार शामिल हैं। इसके अलावा शिवसेना के हेमंत गोडसे, JDU के गिरिधारी यादव, CPI (M) के पीआर नटराजन और बसपा के दानिश अली शामिल हैं।
निशिकांत ने स्पीकर को चिट्ठी लिख शिकायत की थी
झारखंड के गोड्डा से सांसद दुबे ने 15 अक्टूबर को लोकसभा स्पीकर के नाम चिट्ठी लिखी थी। इसका टाइटल था- ‘री-इमर्जेंस ऑफ नैस्टी कैश फॉर क्वेरी इन पार्लियामेंट।’ लोकसभा स्पीकर ओम बिड़ला ने मंगलवार 17 अक्टूबर को निशिकांत दुबे की शिकायत एथिक्स कमेटी के पास भेजी दी थी।
लोकसभा स्पीकर को लिखी चिट्ठी में निशिकांत ने महुआ मोइत्रा पर आरोप लगाया था कि उन्होंने सदन में सवाल पूछने के लिए मुंबई के बिजनेसमैन दर्शन हीरानंदानी से गिफ्ट और कैश लिया है।
निशिकांत ने स्पीकर से मांग की थी कि इस मामले की जांच के लिए कमेटी बनाई जाए और महुआ मोइत्रा को सदन से निलंबित किया जाए। उन्होंने चिट्ठी में विशेषाधिकारों के गंभीर उल्लंघन, सदन के अपमान और IPC की धारा 120A के तहत आपराधिक केस दर्ज कराने की भी बात लिखी थी।
महुआ 17 अक्टूबर को हाईकोर्ट पहुंची थीं
निशिकांत दुबे के इन आरोपों को लेकर महुआ ने 17 अक्टूबर को दिल्ली हाईकोर्ट में याचिका दाखिल की। महुआ ने निशिकांत दुबे, एक वकील के खिलाफ एक्शन लेने और कई सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर रोक लगाने की बात कही है।
हीरानंदानी ग्रुप ने सफाई दी
हीरानंदानी ग्रुप ने इस मामले में सफाई जारी की है। ग्रुप के प्रवक्ता ने कहा कि हम हमेशा से व्यापार के व्यापार में रहे, न कि राजनीति के व्यापार में। हमने सरकार और देश के फायदे के लिए ही काम किया है और करते रहेंगे।
लोकसभा स्पीकर ने भाजपा सांसद की शिकायत एथिक्स पैनल भेजी:निशिकांत दुबे ने TMC सांसद महुआ पर पैसे लेकर सवाल पूछने का आरोप लगाया था
लोकसभा स्पीकर ओम बिड़ला ने तृणमूल कांग्रेस सांसद महुआ मोइत्रा के खिलाफ भाजपा सांसद निशिकांत दुबे की शिकायत को एथिक्स कमेटी (आचार समिति ) को भेजा है। झारखंड के गोड्डा से सांसद निशिकांत ने 15 अक्टूबर को लोकसभा स्पीकर को ‘री-इमर्जेंस ऑफ नेस्टी कैश फॉर क्वेरी इन पार्लियामेंट’ टाइटल से चिट्ठी लिखी थी।