आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : कैश फॉर क्वेरी विवाद में घिरीं TMC सांसद महुआ मोइत्रा ने टीवी चैनल पर आकर अपने ऊपर लगे सभी आरोपों का सिलसिलेवार जवाब दिया। इंडिया टुडे के साथ एक इंटरव्यू में महुआ ने हीरानंदानी से गिफ्ट की बात कबूल की है।
मोइत्रा का कहना है उन्होंने बिजनेसमैन से सिर्फ एक स्कार्फ, लिपस्टिक और आईशैडो लिया था, वो भी एक फ्रेंड के तौर पर। साथ ही यह भी बताया कि एक बार बंगले के रिनोवेशन के लिए हीरानंदानी से मदद मांगी थी।
इस बीच महुआ ने चैनल के साथ बातचीत में फिर से गौतम अडाणी का नाम लिया। सांसद ने अडाणी को लेकर दावा किया कि उन्होंने एक भाजपा सांसद के माध्यम से संसद में सवाल न करने के बदले पैसे देने की पेशकश की थी।
आगे पढ़िए महुआ ने कैश फॉर क्वेरी विवाद में और क्या-क्या कहा….
- मैं महंगे जूते तब से पहन रही, जब देहाद्राई स्पेलिंग नहीं जानते थे
सुप्रीम कोर्ट के वकील जय अनंत देहाद्राई के आरोपों का जिक्र करते हुए मोइत्रा ने कहा, “मेरी देहाद्राई के साथ पालतू डॉग की कस्टडी को लेकर लड़ाई है। सोचिए यह कितना हास्यास्पद है। TMC सांसद ने आगे कहा- मेरे ऊपर आरोप लगा कि मैं महंगे जूते पहनती हूं। आपको पता होना चाहिए, मैं एक बैंकर थी। मेरे पास 35 जोड़ी फेरागामो जूते हैं। मैं फेरागामो तब से पहन रही हूं जब उसे (जय देहाद्राई) यह पता नहीं था कि इसकी स्पेलिंग क्या है।
- हीरानंदानी ने स्कार्फ, लिपस्टिक और आईशैडो गिफ्ट किया
संसद में सवाल पूछने के बदले हीरानंदानी से गिफ्ट लेने के आरोपों पर मोइत्रा ने कहा, दर्शन ने बतौर करीबी मित्र के तौर पर चार साल पहले बर्थडे पर मुझे एक स्कार्फ गिफ्ट किया था। इसके अलावा उसने मेरे लिए बॉबी ब्राउन नाम के ब्रांड की एक लिपस्टिक और आई शैडो खरीदा।
- बंगले के रिनोवेशन के लिए हीरानंदानी के आर्किटेक्ट को बुलाया
मोइत्रा ने उन आरोपों से भी इंकार कर दिया जिसमें कहा गया था कि बंगले के रिनोवेशन के लिए हीरानंदानी ने उन्हें पैसे दिए थे। इस पर महुआ बोलीं- जब मुझे मेरा निजी सरकारी बंगला आवंटित किया गया था, तो यह पुराना सा था। मैंने दर्शन से पूछा कि क्या वह अपने आर्किटेक्ट को बुला सकते हैं जिससे दरवाजों को रि-डिजाइन किया जा सके ताकि लाइट अंदर आ सके।
- गौतम अडाणी ने सवाल न करने के लिए पैसे देने की पेशकश की
महुआ मोइत्रा ने यह भी आरोप लगाया कि गौतम अडाणी ने उन्हें सवाल न करने के लिए पैसे देने की पेशकश की थी। मोइत्रा ने दावा किया, अडाणी ने पिछले तीन सालों में दो लोकसभा सांसदों के माध्यम से मुझसे संपर्क किया है कि मैं उनके साथ बैठूं और एक सौदा करूं, लेकिन मैंने इनकार कर दिया है। मुद्दा यह है कि वह सवाल न करने के लिए कैश दे रहे थे।
मोइत्रा ने आगे कहा- पिछले हफ्ते उनसे दोबारा संपर्क किया गया और चुप रहने के लिए कहा गया। सांसद ने कहा- मेरे पास एक मैसेज आया कि इसे जल्द खत्म करो। चुनाव खत्म होने तक छह महीने तक चुप रहें। बाद में सब कुछ ठीक हो जाएगा। अगर आप अडाणी पर हमला करना चाहती हैं, तो करिए लेकिन PM का नाम मत लीजिए।
एथिक्स कमेटी ने गृह मंत्रालय से महुआ के पिछले 5 सालों के फॉरेन टूर का ब्योरा मांगा
इस बीच कैश फॉर क्वेरी मामले में एथिक्स कमेटी ने जांच शुरु कर दी है। 26 अक्टूबर को एथिक्स कमेटी ने दोपहर में करीब 3 घंटे की मीटिंग की थी। कमेटी ने आयकर विभाग और गृह मंत्रालय को चिट्ठी लिखकर महुआ मोइत्रा केस से जुड़ी जानकारी मांगी है।
कमेटी ने गृह मंत्रालय से महुआ के पिछले 5 सालों के फॉरेन टूर का ब्योरा मांगा है। कमेटी ये जांच करेगी कि महुआ देश के बाहर कहां-कहां गईं और उन्होंने इसके बारे में लोकसभा में जानकारी दी या नहीं। इसके बाद इनसे उनके सांसद ID पर लॉगइन का मिलान किया जाएगा। मोइत्रा से जुड़े विवाद में IT मंत्रालय से पहले ही जानकारी मांगी जा चुकी है। कमेटी ने महुआ को 31 अक्टूबर को पूछताछ के लिए बुलाया था।