आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज गुजरात में आयोजित फाइनेंशियल टेक्नोलॉजी इवेंट ‘इन्फिनिटी फोरम-2.0’ को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए संबोधित किया। अपने संबोधन के दौरान PM मोदी ने कहा कि पिछली बार जब ये समिट हुई थी, तब कोरोना महामारी की वजह से दुनिया में कितनी अनसर्टेनिटी यानी अनिश्चितता थी।

हर कोई ग्लोबल इकोनॉमी ग्रोथ को लेकर आशंका में था और ये चिंताएं आज भी खत्म नहीं हुई हैं। जियो पॉलिटिकल टेंशन, हाई इंफ्लेशन और डेट लेवल की मुश्किलें भी थीं। ऐसे में भारत रेजिलिएंस और प्रोग्रेस का शानदार उदाहरण बनकर उभरा है।

इसके अलावा प्रधानमंत्री मोदी ने यूनेस्को द्वारा गरबा डांस को इनटेंजिबल कल्चरल हेरिटेज में शामिल किए जाने पर भी बधाई दी। इस इवेंट का आयोजन इंटरनेशनल फाइनेंशियल सर्विसेज सेंटर अथॉरिटी (IFSCA) और गिफ्ट (GIFT) सिटी भारत सरकार के साथ मिलकर कर रहे हैं।

पूरी दुनिया को भारत से उम्मीद

प्रधानमंत्री मोदी ने आगे कहा कि आज भारत की ग्रोथ स्टोरी ने दुनिया को दिखाया है कि जब पॉलिसी को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए, जब गुड गवर्नेंस के लिए पूरी ताकत लगाई जाए और जब देश और देशवासियों का हित ही आर्थिक नीतियों का आधार हो तो क्या नतीजे मिलते हैं। IMF ने कहा था कि 2023 में 16% ग्लोबल ग्रोथ भारत की वजह से होगी।

इससे पहले जुलाई 2023 में वर्ल्ड बैंक ने कहा था कि ग्लोबल चैलेंजेस के बीच भारत से बहुत ज्यादा उम्मीदें हैं। इसी साल मार्च में ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री ने कहा था कि भारत ग्लोबल साउथ को लीडरशिप देने के लिए मजबूत स्थिति में है। आज पूरी दुनिया भारत से उम्मीदें लगाए हुए है।

हमने लॉन्ग टर्म ग्रोथ पर किया फोकस

उन्होंने कहा कि महामारी के दौरान जब ज्यादातर देश सिर्फ फिसकल और मॉनेटरी रिलीफ पर काम कर रहे थे, तक हमने लॉन्ग टर्म ग्रोथ और इकोनॉमी कैपेसिटी के विस्तार पर फोकस किया। हमारे सुधारों का एक महत्वपूर्ण लक्ष्य ग्लोबल इकोनॉमी के साथ इंट्रीग्रेशन बढ़ाना है।

20 से ज्यादा देश हो रहे शामिल

फोरम में भारत और संयुक्त राज्य अमेरिका, ब्रिटेन, सिंगापुर, दक्षिण अफ्रीका, संयुक्त अरब अमीरात, ऑस्ट्रेलिया और जर्मनी सहित 20 से ज्यादा देशों के लीडर और बिजनेसमैन शामिल हो रहे हैं। इस कार्यक्रम में विदेशी विश्वविद्यालयों के कुलपति और विदेशी दूतावासों के प्रतिनिधि भी भाग लेंगे।

इस कार्यक्रम में गुजरात के CM भूपेंद्र पटेल, पीयूष गोयल, अश्विनी वैष्णव के अलावा फाइनेंस मिनिस्ट्री के सेक्रेटरी अजय सेठ, GIFT कंपनी लिमिटेड के चेयरमैन तपन रॉय, केवी कामत और उदय कोटक जैसी हस्तियां शामिल हुई हैं। वहीं इस इवेंट में बोस्टन कंसल्टिंग ग्रुप, आदित्य बिरला सन लाइफ, मॉर्गन स्टेनली (इंडिया), बैंक ऑफ अमेरिका, पेटीएम, जिरोधा के प्रतिनिधि समेत 20 देशों के लोग भी मौजूद हैं।

प्रगतिशील विचारों, समस्याओं और इनोवेटिव टेक्नोलॉजी ​​​​​​पर चर्चा होगी

कार्यक्रम में दुनियाभर के प्रगतिशील विचारों, गंभीर समस्याओं और इनोवेटिव टेक्नोलॉजीज ​​​​​​पर चर्चा, सामाधान और उनसे मिलने वाले अवसरों पर बात की जाती है। इस साल इस कार्यक्रम की थीम ‘गिफ्ट-IFSC: नर्व सेंटर फॉर न्यू एज ग्लोबल फाइनेंशियल सर्विसेज’ है, जिसे तीन ट्रैक्स पर को-ऑर्डिनेट किया जाएगा…

प्लीनरी ट्रैक: न्यू एज इंटरनेशनल फाइनेंशियल सेंटर का निर्माण

ग्रीन ट्रैक: ‘ग्रीन स्टैक’ के लिए केस का निर्माण करना

सिल्वर ट्रैक: GIFT IFSC में लॉन्गिविटी फाइनेंस हब बनाना

हाइब्रिड मोड में आयोजित हो रहा कार्यक्रम

इस इवेंट का आयोजन ‘वाइब्रेंट गुजरात ग्लोबल समिट 2024’ के पहले किया जा रहा है। यह कार्यक्रम हाइब्रिड मोड में आयोजित हो रहा है, जिसमें विदेशों से शामिल होने वाले पार्टिसिपेंट वर्चुअली जुड़ेंगे।