आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : मुरैना जिले के दिमनी विधानसभा क्षेत्र में शुक्रवार की रात दो गुटों में 15 राउंड फायरिंग हुई। इसमें एक युवक की मौत हो गई। विवाद गाना बजाने को लेकर हुआ था। गुस्साए परिजन ने शनिवार को सड़क जाम कर दिया है। दो किलोमीटर वाहनों की लंबी लाइन लग गई है। मौके पर अर्द्धसैनिक बल तैनात किए गए हैं।

दिमनी विधानसभा से केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर चुनाव लड़ रहे हैं। घटना के बाद शनिवार को उनके सभी कार्यक्रम निरस्त कर दिए गए हैं।

हालांकि भाजपा के मीडिया प्रभारी अपनेश तोमर ने बताया कि शनिवार को केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह श्योपुर, भिंड और शिवपुरी आ रहे हैं। ऐसे में कार्यक्रम निरस्त किए गए हैं।

आज मोदी-शाह और खड़गे की सभाएं

भाजपा और कांग्रेस दोनों ने प्रचार के लिए अपने दिग्गज नेताओं को मैदान में उतार दिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज रतलाम आ रहे हैं। वे दोपहर 2.45 बजे बंजली ग्राउंड पर बीजेपी के पक्ष में चुनावी सभा करेंगे। बता दें कि पीएम मोदी का 15 दिन के अंदर एमपी का यह तीसरा दौरा है।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह शिवपुरी, श्योपुर और ग्वालियर जिले में, तो रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भिंड जिले में बीजेपी के पक्ष में सभाएं करेंगे। कांग्रेस के लिए पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे बालाघाट और डिंडौरी जिले के दौरे पर रहेंगे। उनके साथ कमलनाथ भी मौजूद रहेंगे।

इन नेताओं की यहां होंगी सभाएं

नरेंद्र मोदी, प्रधानमंत्री – रतलाम के बंजली ग्राउंड में दोपहर 2.45 बजे जनसभा।

अमित शाह, केंद्रीय गृह मंत्री – दोपहर 12.40 बजे शिवपुरी के करैरा में सभा और रोड शो। दोपहर 2.55 बजे शिवपुरी के पिछोर में सभा। शाम 4.15 बजे श्योपुर में सभा, शाम 7.30 बजे ग्वालियर में सभा।

राजनाथ सिंह, रक्षा मंत्री – सुबह 11.30 बजे भिंड के गोहद और दोपहर 2.20 बजे भिंड के मेहगांव में सभा। शाम 4.40 बजे भिंड में सभा।

मल्लिकार्जुन खड़गे, कांग्रेस अध्यक्ष – सुबह 10.45 बजे बालाघाट के कटंगी और दोपहर 1.00 बजे डिंडौरी जिले के शहपुरा में सभा।

शिवराज सिंह चौहान, मुख्यमंत्री मप्र – धार, रतलाम और इंदौर जिले के अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों में सभाएं करेंगे।

दिग्विजय सिंह, पूर्व सीएम – राजगढ़ जिले के राजगढ़, पचोर और ब्यावरा में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की बैठक लेंगे।

प्रमोद सावंत, मुख्यमंत्री गोवा- बालाघाट के लांजी में जनसभाएं करेंगे।

मुरैना जिले में बीजेपी को झटका

मुरैना की अंबाह विधान सभा के पूर्व बीजेपी विधायक कमलेश सुमन ने ली कांग्रेस की सदस्यता ले ली है। बीजेपी पूर्व युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष नारेश सिंह तोमर भी कांग्रेस में शामिल हो गए हैं। दोनों को पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कांग्रेस जॉइन कराई।

पूर्व परिवहन अधिकारी भाजपा में शामिल

पूर्व परिवहन अधिकारी जगदीश मीणा ने बीजेपी जॉइन कर ली है। उन्हें प्रदेश चुनाव प्रभारी भूपेंद्र यादव ने सदस्यता दिलाई है। मीणा गुना की चाचौड़ा विधानसभा सक्रिय हैं। उनके साथ कुछ पूर्व पंचायत जनप्रतिनिधि भी भाजपा में शामिल हुए हैं।