आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : मधेपुरा के डीएम विजय प्रकाश मीणा की कार ने चार लोगों को कुचल दिया। इसमें 2 लोगों की मौत हो गई है। जबकि एनएचएआई के दो कर्मी घायल हुए हैं। मरने वालों में एक महिला गुड़िया देवी (29), उसकी बेटी आरती कुमारी (4) है। NHAI कर्मी की पहचान अशोक कुमार सिंह (60) राजस्थान निवासी और राजू कुमार (50) के रूप में हुई है।

दरभंगा से मधेपुरा लौटने के दौरान मधुबनी के फुलपरास के पास मंगलवार सुबह करीब साढ़े 8 बजे हादसा हुआ है। फुलपरास एसडीओ ने अभिषेक कुमार ने कहा कि हादसे में दो की मौत हुई है। दो घायल हैं। दरभंगा के निजी अस्पताल में इलाज चल रहा।

स्थानीय लोगों का कहना है कि हादसे के वक्त डीएम गाड़ी में मौजूद थे। हादसे के बाद जैसे ही भीड़ ने गाड़ी को घेरना शुरू किया, डीएम अपने स्टाफ के साथ वहां से भाग निकले।

दैनिक भास्कर ने डीएम विजय प्रकाश मीणा को कई बार फोन किया, लेकिन जिलाधिकारी ने फोन नहीं उठाया। सूचना एवं जनसंपर्क पदाधिकारी कुंदन कुमार सिंह ने बताया कि गाड़ी में डीएम मौजूद नहीं थे।

लोगों ने बताया ऐसे हुआ हादसा

आसपास के लोगों ने बताया कि सुबह में एनएचएआई के कर्मचारी सड़क पर सफेद पट्टी पेंट कर रहे थे। अचानक एक महिला और एक बच्चा सड़क पर आ गया। उन्हें बचाने के लिए डीएम की गाड़ी के ड्राइवर ने पूरी कोशिश की, लेकिन लोग वाहन की चपेट में आ गए।

डीएम की गाड़ी ने फुलपरास पुरवारी टोला के पास एक महिला और उसके बच्चे को कुचल दिया। इसके बाद एनएच किनारे काम कर रहे मजदूर को भी कुचल दिया। भीड़ जुटने से पहले डीएम और उनके ड्राइवर घटना स्थल से फरार हो गए। गाड़ी रेलिंग से टकरा गई।

डीएम जिला मुख्यालय में हैं- डीपीआरओ

सूचना एवं जनसंपर्क पदाधिकारी कुंदन कुमार ने कहा कि जब तक जांच नहीं होती कुछ नहीं कहा जा सकता है। गाड़ी में कुछ तकनीकी समस्या थी। रिपेयर में जाना था। हादसा आने के क्रम में हुआ या जाने के क्रम में जांच के बाद पता चलेगा। जिलाधिकारी गाड़ी में नहीं थे। जांच के बाद फिर सूचना दी जाएगी।

मुआवजे की मांग को लेकर 2 घंटे जाम रही सड़क

स्थानीय ब्रह्मनंद यादव ने कहा कि अहले सुबह 8 बजे पटना से मधेपुरा जाते वक्त डीएम की कार से एक्सीडेंट हुआ है। मौके पर लोगों ने हंगामा करते हुए मुआवजे की मांग की। एसडीओ-डीएसपी मौके पर पहुंचकर जांच कर रहे हैं। हादसे के बाद 2 घंटे तक सड़क जाम रहा।