सिडनी । एंड्रयू मैक्डोनाल्ड ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम के नये मुख्य कोच बने हैं। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (सीए) ने उन्हें जस्टिन लैंगर की जगह पर तीनों ही प्रारुपों के लिए नया मुख्य कोच नियुक्त किया है। मैक्डोनाल्ड ने अपने करियर के दौरान टीम की ओर से केवल 4 टेस्ट खेले हैं , इसके बाद भी उन्हें अहम जिम्मेदारी दी गयी है।
क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने मैक्डोनाल्ड के साथ चार साल का करार किया है। उन्हें इस साल फरवरी में ही लैंगर के इस्तीफे के बाद टीम का अंतरिम कोच बनाया गया था!
उनके मार्गदर्शन में टीम ने पाकिस्तान दौरे पर अच्छा प्रदर्शन किया था। टीम ने पाक के खिलाफ तीन टेस्ट मैचों की सीरीज के साथ ही एकमात्र टी20 मुकाबला जीता था। टेस्ट टीम के कप्तान पैट कमिंस ने भी मैक्डोनाल्ड के काम करने के तरीके को सराहा था जबकि लैंगर अपने व्यवहार के कारण खिलाड़ियों के निशाने पर रहे थे।