आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : पंजाब में लुधियाना रेलवे स्टेशन से करीब 5 से 7 किलोमीटर की दूरी पर नशे में धुत ड्राइवर ने रेलवे ट्रैक पर ट्रक दौड़ा दिया। इसके बाद ड्राइवर ट्रैक पर ही ट्रक को छोड़कर फरार हो गया।​​ इस ट्रक से दिल्ली से अमृतसर जा रही गोल्डन टेंपल एक्सप्रेस ट्रेन टकराई। हालांकि इसमें कोई हताहत नहीं हुआ।

जानकारी के मुताबिक बीती रात साढ़े 8 बजे ​​​लुधियाना में ग्यासपुरा फाटक से गलत साइड से ट्रक को ड्राइवर ने ट्रैक पर घुसा दिया। इसके बाद 1 किलोमीटर तक रेलवे ट्रैक पर ट्रक को दौड़ाने के बाद रणजीत नगर के पास खड़ा कर दिया और भाग गया।

इस बीच किसी ने लुधियाना रेलवे स्टेशन पर रेल लाइन पर ट्रक खड़ा होने की सूचना दी। इस दौरान अमृतसर जा रही ट्रेन ग्यासपुरा फाटक से कुछ दूरी पर ही थी। अधिकारियों ने तुरंत पायलट को सूचना दी। पायलट ने इमरजेंसी ब्रेक लगाई। ब्रेक लगने के बाद भी ट्रेन ट्रक से टकरा गई।

ग़नीमत रही कि कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ। ट्रेन के अंदर से यात्री रेलवे ट्रैक पर खड़े ट्रक की वीडियो भी बनाते रहे।

GRP ने संभाला मोर्चा

घटना स्थल पर तुरंत जीआरपी के SP बलराम राणा, SHO जतिंदर पुलिस बल के साथ पहुंचे। रेलवे अधिकारियों की टीम भी मौके पर पहुंची। मौके पर हाइड्रा मशीन व क्रेन रेलवे कर्मचारियों ने मंगवाई। करीब सवा घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद ट्रक को रेलवे ट्रैक से हटाया गया। इस दौरान लोगों की बढ़ रही भीड़ को भी पुलिस कर्मचारियों ने खदेड़ा।

रेलवे अधिकारियों की रिपोर्ट मुताबिक होगी कार्रवाई

SP बलराम राणा ने बताया कि जैसे ही उन्हें सूचना मिली तो तुरंत पुलिस बल के साथ वह मौके पर पहुंचे। रेलवे अधिकारी भी अपने स्तर पर जांच कर रहे हैं। फिलहाल ट्रक को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। गोल्डन टेंपल गाड़ी को सकुशल चलवा दिया था। ड्राइवर की पहचान कर रेलवे अधिकारियों द्वारा बनाई गई रिपोर्ट और GRP की अपनी जांच के मुताबिक कार्रवाई कर दी जाएगी। ट्रक ड्राइवर जालंधर से आ रहा था।