सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस /आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : संत हिरदाराम गर्ल्स कॉलेज, भोपाल की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई द्वारा अपने गोद ग्राम मुबारकपुर मे साक्षरता दिवस एवं पोषण सप्ताह के अवसर पर विविध शैक्षणिक, स्वास्थ्य एवं जनजागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों एवं महिलाओं को शिक्षा, स्वास्थ्य और पोषण के प्रति जागरूक करना था।

साक्षरता दिवस के अंतर्गत एनएसएस स्वयंसेविकाओं ने ग्राम के शासकीय विद्यालय में विद्यार्थियों के साथ संवाद स्थापित करते हुए उन्हें विभिन्न विषयों का अध्ययन कराया। स्वयंसेविकाओं ने बच्चों को नैतिक एवं प्रेरणादायक कहानियाँ सुनाईं, ज्ञानवर्धक खेल खिलाए तथा रचनात्मक गतिविधियों में सम्मिलित किया। इस अवसर पर विद्यार्थियों को स्टेशनरी सामग्री भी वितरित की गई। बच्चों ने उत्साहपूर्वक सभी गतिविधियों में भाग लिया और कार्यक्रम का भरपूर आनंद उठाया।

इसी क्रम में आंगनवाड़ी केंद्र के सहयोग से राष्ट्रीय पोषण सप्ताह भी मनाया गया। कार्यक्रम अधिकारी मीना बरसे एवं सुश्री कंचन चतुर्वेदी ने महिलाओं को संतुलित आहार, प्रोटीन, कैल्शियम, स्वच्छता एवं स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक जानकारी प्रदान की। उन्होंने महिलाओं को अपने एवं अपने परिवार के स्वास्थ्य की नियमित देखभाल, पौष्टिक भोजन के महत्व तथा स्वच्छ जीवनशैली अपनाने के प्रति जागरूक किया।

एनएसएस इकाई द्वारा आंगनवाड़ी केंद्र के सहयोग से एक निःशुल्क चिकित्सा शिविर का भी संयुक्त रूप से आयोजन किया गया। शिविर में एएनएम सुश्री कांती बैस एवं आशा कार्यकर्ता जानकी कुशवाहा विशेष रूप से उपस्थित रहीं। शिविर के संचालन एवं व्यवस्थाओं में एनएसएस स्वयंसेविकाओं ने सक्रिय सहयोग प्रदान किया। चिकित्सा शिविर में ग्रामीण महिलाओं एवं अन्य लाभार्थियों के लिए रक्त शर्करा (शुगर) जांच, हीमोग्लोबिन परीक्षण, रक्तचाप मापन, वजन परीक्षण तथा गर्भवती महिलाओं की निःशुल्क स्वास्थ्य जांच की गई। साथ ही स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक परामर्श प्रदान कर उन्हें स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम के माध्यम से शिक्षा, स्वास्थ्य एवं पोषण के प्रति जागरूकता बढ़ाने का सार्थक प्रयास किया गया। ग्रामवासियों, महिलाओं एवं बच्चों ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए एनएसएस इकाई के इस सामाजिक योगदान की प्रशंसा की।


Hashtags: #MadhyaPradeshState #Bhopal #Desksource #रकप #षरत #एनएन #DeskSource #टवर #आईट #एनएसएस