आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : हिमाचल के कुल्लू में चल रहे दशहरा उत्सव में आज इंटरनेशनल कल्चर परेड निकलेगी। 14 देशों के कलाकार झांकियां निकालकर अपनी संस्कृति के बारे में बताएंगे। पहली बार अंतरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरा उत्सव में इस तरह की परेड का आयोजन किया जा रहा है।

इसमें रूस, रोमानिया, कजाकिस्तान, क्रोएशिया, वियतनाम, ताइवान, थाईलैंड, पनामा, ईरान, मालदीव, मलेशिया, केन्या, घाना और इथोपिया के कलाकार झांकी निकालेंगे। इससे पहले आज सुबह कल्चर परेड की रिहर्सल की गई। सभी देशों के कलाकार पारंपरिक बाध्य यंत्रों और वेशभूषा के साथ झांकी निकालेंगे। यह परेड शाम 4 बजे शुरू होगी।

देश विदेश की संस्कृति दिखेगी

दशहरा कमेटी ने इंटरनेशनल फेस्टिवल में विदेशी सांस्कृतिक दिखाने के मकसद से कल्चर परेड कराने का निर्णय लिया है। इसके लिए 14 देशों के सांस्कृतिक दल आमंत्रित कर रखे है। सभी पिछले कल ही कुल्लू पहुंच गए हैं, जो आज अपने-अपने मुल्कों की संस्कृति को झांकी के जरिए कुल्लू में दिखाने का प्रयास करेंगे।

ढालपुर से कला केंद्र, कॉलेज गेट की तरफ निकलेगी परेड

कल्चर परेड के लिए ढालपुर को दुल्हन की तरह सजाया गया है। यह ढालपुर से माल रोड में लाल चंद प्रार्थी कला केंद्र होते हुए कॉलेज गेट से वापस ढालपुर मैदान पहुंचेगी।