सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्कइंटीग्रेटेड ट्रेडन्यूज़ भोपाल: कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे लोकसभा चुनाव से दूरी बना सकते हैं। सोमवार को कांग्रेस की दूसरी लिस्ट के मंथन को लेकर हुई मीटिंग के बाद सूत्रों का कहना है कि हो सकता है खड़गे इस बार चुनाव नहीं लड़े। NDTV की रिपोर्ट के मुताबिक, खड़गे चाहते हैं कि वे कांग्रेस के चुनावी कैंपेन को लीड करें और अपने पर्सनल कैंपेन में व्यस्त न हो जाएं।

7 मार्च को हुई कांग्रेस CEC की मीटिंग में कर्नाटक के गुलबर्गा से खड़गे का ही नाम फाइनल किया गया था। हालांकि, पार्टी ने इसका ऐलान नहीं किया था। सूत्रों का कहना है कि खड़गे अब अपने दामाद राधाकृष्ण डोड्डमानी को इस सीट से उम्मीदवार बना सकते हैं।

मल्लिकार्जुन खड़गे 2009 और 2014 के लोकसभा चुनाव में गुलबर्गा सीट से चुनाव जीत चुके हैं। 2019 में उन्हें भाजपा नेता उमेश जाधव ने हरा दिया था। तब से वे राज्यसभा से सांसद और नेता प्रतिपक्ष हैं। राज्यसभा में उनके कार्यकाल के 4 साल और बचे हैं।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक खड़गे के अलावा कांग्रेस के 4 पूर्व मुख्यमंत्री भी लोकसभा चुनाव नहीं लड़ना चाहते हैं। इनमें अशोक गहलोत, कमलनाथ, दिग्विजय सिंह और हरीश रावत का नाम शामिल है। साथ ही राजस्थान के पूर्व डिप्टी CM सचिन पायलट भी चुनाव लड़ने की इच्छा नहीं जता रहे हैं।