आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : शराब घोटाले में पूछताछ के लिए ED ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को पूछताछ के लिए बुलाया है। केजरीवाल अब तक जांच एजेंसी के पास नहीं गए हैं। केजरीवाल ने सोमवार को पार्टी के 62 विधायकों की इमरजेंसी मीटिंग बुलाई और आगे की रणनीति पर बात की।
सभी विधायकों ने एक सुर में बोला कि अगर अरविंद केजरीवाल को ED गिरफ्तार करती है तो वे जेल से ही काम करें। दिल्ली की जनता ने अरविंद केजरीवाल को चुना है, इसलिए मुख्यमंत्री वही रहेंगे।
दिल्ली की मंत्री आतिशी ने कहा कि अगर अरविंद केजरीवाल को ED ने गिरफ्तार किया तो हम जेल से काम करने के लिए कोर्ट का दरवाजा खटखटाएंगे। आतिशी ने कहा- कोर्ट से हम परमिशन लेंगे कि कैबिनेट की मीटिंग जेल के अंदर हो सके। हम वहां पर कैबिनेट मीटिंग की फाइल ले जाने की कोर्ट से परमिशन लेंगे। दिल्ली की सरकार अरविंद केजरीवाल जेल से चलाएंगे।
दिल्ली के मंत्री सौरभ भारद्वाज ने कहा- केजरीवाल को दिल्ली के लोगों ने सरकार चलाने का जनादेश दिया है। हालात ऐसे लग रहे हैं कि हम भी जल्द ही जेल में होंगे। हो सकता है कि आतिशी को जेल नंबर 2 में रखा जाए और मुझे जेल नंबर 1 में और हम कैबिनेट की बैठकें जेल के अंदर ही करेंगे। हम यह सुनिश्चित करेंगे कि दिल्ली के लोगों का काम न रुके।
ED के सामने पेश नहीं हुए केजरीवाल, सिंगरोली में रोड शो किया
अरविंद केजरीवाल शराब नीति केस में पूछताछ के लिए 2 नवंबर को जांच एजेंसी ED के सामने पेश नहीं हुए। इसके बदले केजरीवाल ने ED को एक लेटर भेजकर समन को वापस लेने को कहा।केजरीवाल ने जांच एजेंसी से सवाल किया कि, आपने समन में मुझे यह नहीं बताया कि मैं संदिग्ध हूं या गवाह।
ED के सूत्रों के मुताबिक, जांच एजेंसी केजरीवाल को नया समन जारी कर सकती है। ED ने 30 अक्टूबर को केजरीवाल को पूछताछ के लिए आने का समन भेजा था। केजरीवाल ने ED को जवाब भेजा था कि ये नोटिस गैर-कानूनी और राजनीति से प्रेरित है। केजरीवाल पंजाब के CM भगवंत मान के साथ मध्यप्रदेश के सिंगरौली पहुंचे और यहां उन्होंने रोड-शो और रैली में हिस्सा लिया।
केजरीवाल ने ED को भेजे लेटर में क्या लिखा…
केजरीवाल ने पूछा- मुझे गवाह मान रहे हैं या संदिग्ध
ईडी के असिस्टेंट डायरेक्टर को भेजे अपने लेटर में केजरीवाल ने लिखा, समन से यह क्लियर नहीं है कि मुझे किस हैसियत से बुलाया जा रहा है यानी इस मामले में आप मुझे गवाह मान रहे हैं या संदिग्ध। आप मुझे दिल्ली के CM के तौर पर बुला रहे हैं या आम आदमी पार्टी के संयोजक के रूप में। ऐसा लग रहा है कि यह मछली पकड़ने की जाल की तरह है।
भाजपा नेताओं को लीक किया गया समन
केजरीवाल ने आरोप लगाया कि ये समन भाजपा के इशारे पर भेजा गया। केजरीवाल ने लिखा- 30 अक्टूबर की दोपहर को भाजपा नेताओं ने कहना शुरू कर दिया था कि जल्द ही मुझे तलब किया जाएगा और अरेस्ट किया जाएगा। उसी दिन शाम को मुझे समन मिला। इससे साफ जाहिर है कि मेरी छवि बदनाम करने के लिए समन भाजपा नेताओं को पहले लीक कर दिया गया था।
बतौर CM मुझे कई काम, जहां मेरा होना जरूरी
दिल्ली CM ने आगे लिखा, ‘देश में पांच राज्य यानी मिजोरम, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, राजस्थान और तेलंगाना में जल्द ही चुनाव होने वाले हैं। आम आदमी पार्टी हर जगह चुनाव लड़ रही है। पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और स्टार प्रचारक होने के नाते, मुझे चुनाव प्रचार के लिए यात्रा करनी है।
दूसरी ओर मैं दिल्ली का मौजूदा मुख्यमंत्री हूं। दिवाली के त्योहार के चलते मेरे पास आधिकारिक तौर पर कई काम हैं। जहां मेरा होना जरूरी है। केजरीवाल ने लेटर के आखिर में ED से समन को वापस लेने की मांग की।