आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा में LOC के पास माछिल सेक्टर में गुरुवार सुबह सुरक्षा बलों और आतंकवादियों के बीच मुठभेड़ हुई। जिसमें दो आतंकवादियों मारे गए। हालांकि इन लोगों की पहचान नहीं हो पाई है।

महाराष्ट्र के लातूर में 4 मंजिला इमारत में आग, तीन लोगों की मौत

महाराष्ट्र के लातूर जिले में गुरुवार को एक 4 मंजिला इमारत में भीषण आग लग गई। आग में झुलस कर 3 लोगों की मौत हो गई। आग पर काबू पा लिया गया है। हालांकि, इलाके में अफरा-तफरी का माहौल है। घटना का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें बिल्डिंग से धुएं का गुबार उठता दिख रहा है। फिलहाल आग लगने की वजह का पता नहीं चल सका है।

असम के गुवाहाटी में 9 हजार किलो गांजा और डेढ़ करोड़ विदेशी सिगरेट नष्ट की गईं

असम के गुवाहाटी में विशेष अभियान के तहत कस्टम विभाग ने डेढ़ करोड़ से ज्यादा विदेशी सिगरेट और 9077 किलोग्राम गांजा नष्ट किया। नष्ट की गई सिगरेट की कीमत 29.66 करोड़ रुपए और गांजा की कीमत 14 करोड़ रुपए बताई गई।

चुनाव आयोग ने बॉलीवुड एक्टर राजकुमार राव को नेशनल आइकॉन नियुक्त किया

बॉलीवुड एक्टर राजकुमार राव को चुनाव आयोग ने नेशनल आइकॉन नियुक्त किया है। आयोग ने गुरुवार को इसकी आधिकारिक घोषणा की। इससे पहले अगस्त में चुनाव आयोग ने पूर्व भारतीय क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर को अपना नेशनल आइकॉन बनाया था। नेशनल आइकॉन वोटिंग को लेकर लोगों को जागरूक करते हैं।

मणिपुर में चार उग्रवादी गिरफ्तार; पुलिस ने इनके पास से हथियार और विस्फोटक भी जब्त किया

मणिपुर पुलिस ने गुरुवार को तीन अलग-अलग जगहों से दो आतंकवादियों समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से हथियार और गोला-बारूद भी जब्त किया। सुरक्षा बलों ने चुराचांदपुर से बुधवार को दो लोगों को गिरफ्तार किया था। इनके पास से 25 राउंड गोला-बारूद और बंदूक जब्त की गई।

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार उग्रवादी कांगपोकपी के कम्मिन हैंगशिंग और कम्मिन सेई हैं। दोनों एक कार से जा रहे थे, जब उन्हें टोरबुंग बांग्ला चेकपोस्ट पर रोका गया। गिरफ्तारी के बाद उन्हें चुराचांदपुर पुलिस स्टेशन को सौंप दिया गया है।

पुलिस ने इंफाल पूर्व और इंफाल पश्चिम जिलों से भी प्रतिबंधित यूनाइटेड नेशनल लिबरेशन फ्रंट (यूएनएलएफ) के दो कैडरों को पकड़ा है। इनके पास से 143 राउंड गोला बारूद के साथ एक 9MM पिस्तौल जब्त की है। दोनों आम जनता से पैसे की उगाही में लगे हुए थे।