मुंबई। भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान सुनील गावस्कर ने आईपीएल के 15 वें सत्र में शानदार प्रदर्शन कर रहे बल्लेबाज दिनेश कार्तिक की जमकर प्रशंसा की है। गावस्कर ने कहा कि यह अनुभवी विकेटकीपर बल्लेबाज आगामी टी20 विश्व कप क्रिकेट में भारतीय टीम के लिए फिनिशर की भूमिका निभा सकता है। कार्तिक ने मौजूदा सत्र में अपनी टीम की ओर से शानदार बल्लेबाजी करते हुए 32, 14, 44, 7, 34 और 66 रन की पारियां खेली है और इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 209.57 और औसत 197 का रहा है।
गावस्कर ने कहा कि कार्तिक टी20 विश्व कप के लिए भारतीय टीम का हिस्सा बनना चाहते हैं जो सही भी है। साथ ही कहा कि हमें इस विकेटकीपर बल्लेबाज की उम्र पर ध्यान देने की जगह उसका प्रदर्शन देखना चाहिये। कार्तिक ने सनराइजर्स हैदराबाद की ओर 34 गेंद में नाबाद 66 रन की पारी खेलकर अपनी टीम को जीत दिलाई थी। इस मैच में टीम ने कठिन हालातों से उबर कर पांच विकेट पर 189 रन बनाने के बाद 16 रन से जीत दर्ज की और कार्तिक मैन ऑफ द मैच बने।
गावस्कर ने कहा कि उसने अपने प्रदर्शन से मैच का रुख मोड़ दिया। वह वैसा ही काम कर रहा है जैसा कि छठे या सातवें क्रम के बल्लेबाज से टी20 विश्व कप में उम्मीद की जाएगी। कार्तिक ने भारत के लिए 26 टेस्ट, 94 एकदिवसीय और 32 टी 20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले है।