आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : कांकेर जिले के कोयलीबेड़ा इलाके में शनिवार को पुलिस और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई है। इस मुठभेड़ में DRG के जवानों ने 2 नक्सलियों को ढेर कर दिया। मारे गए नक्सलियों की अभी पहचान नहीं हो सकी है। घटनास्थल से दो शव, एक इंसास राइफल और एक भरमार बंदूक बरामद की गई है। SP दिव्यांग पटेल ने मुठभेड़ की पुष्टि की।
पुणे से दिल्ली जाने वाली अकासा फ्लाइट की मुंबई में इमरजेंसी लैंडिंग, सिक्योरिटी अलर्ट मिला था
21 अक्टूबर को रात 12 बजे पुणे से दिल्ली जाने वाली अकासा की फ्लाइट QP 1148 की मुंबई में इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। दरअसल टेकऑफ के बाद फ्लाइट को सिक्योरिटी अलर्ट मिला। जिसके बाद विमान को मुंबई की ओर मोड़ दिया गया। रात 12:42 बजे फ्लाइट छत्रपति शिवाजी महाराज एयरपोर्ट पर लैंड हुई और सभी पैसेंजर्स को सुरक्षित निकाल लिया गया। फ्लाइट में 6 क्रू मेंबर्स सहित 185 यात्री सवार थे।
RSS नेता की हत्या के मामले में PFI मेंबर गिरफ्तार, संगठन पर लग चुका बैन
राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने शुक्रवार को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के नेता एस के श्रीनिवासन की हत्या के मामले में बैन लग चुके पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया (PFI) के मेंबर को गिरफ्तार किया। केरल के मलप्पुरम जिले से हत्या के आरोपी शिहाब उर्फ बाबू को NIA ने गिरफ्तार किया।
RSS नेता की हत्या करने के बाद से शिहाब फरार था, जिसे शुक्रवार को मलप्पुरम में उसके घर से गिरफ्तार किया गया। NIA ने बताया कि शिहाब PFI का मेंबर है और इसने हत्या के सबूत मिटाने के आरोपी मुहम्मद हाकिम को पनाह दे रखी थी। 16 मार्च 2022 को RSS के नेता श्रीनिवासन की 6 लोगों की गैंग ने हत्या की थी। इसके बाद NIA ने 17 मार्च को PFI समेत 59 लोगों के खिलाफ चार्जशीट पेश की थी।
केरल के लाइफ मिशन घोटाले में ED ने 5 करोड़ रुपये की संपत्ति कुर्क की
इनफोर्समेंट डायरक्टेरेट (ED) ने शुक्रवार को केरल के लाइफ मिशन घोटाला मामले में 5.38 करोड़ रुपये की चल और अचल संपत्ति कुर्क की। कुर्क की गई संपत्तियों में संतोष ईप्पन के नाम पर आवासीय संपत्ति और स्वप्ना सुरेश के नाम पर अचल संपत्ति और बैंक बैलेंस शामिल हैं। केरल लाइफ मिशन घोटाला 2018 में बाढ़ में अपना घर खोने वाले गरीबों को घर देने के लिए था। बाद में इस मिशन में कई घोटाले सामने आए। ED ने यूनिटैक बिल्डर्स के मैनेजिंग डायरेक्टर संतोष इप्पेन के नाम पर संपत्तियां कुर्क की। इसी फर्म को गरीबों के लिए घर बनाने का ठेका दिया गया था।
डिलीवरी बॉय बनकर ड्रग्स की तस्करी कर रहा था, पुलिस ने 20 लाख की MD ड्रग्स के साथ पकड़ा
मुंबई की मालवानी पुलिस ने शुक्रवार को मलाड इलाके से डिलीवरी बॉय बनकर ड्रग्स की तस्करी करने वाले एक ड्रग पैडलर को गिरफ्तार किया। पैडलर के पास से 20 लाख रुपये की 200 ग्राम MD ड्रग्स बरामद की। दूसरा आरोपी मौके से भाग गया और पुलिस उसकी तलाश कर रही है।