आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : रिलायंस जियो की एयर फाइबर सर्विस देश के 8 राज्यों के 115 शहरों में शुरू हो गई है, जिसमें पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, दिल्ली, महाराष्ट्र, कर्नाटक, तेलंगाना, गुजरात और आंध्र प्रदेश के शहर शामिल हैं। कंपनी ने इसके बारे में ऑफिशियल वेबसाइट पर जानकारी दी है।
इससे पहले यह सर्विस 8 शहरों- अहमदाबाद, बेंगलुरु, चेन्नई, दिल्ली, हैदराबाद, कोलकाता, मुंबई और पुणे में शुरू हुई थी। रिलायंस जियो ने 19 सितंबर को गणेश चतुर्थी के दिन अपनी एयर फाइबर सर्विस लॉन्च को लॉन्च किया था।
कहीं भी ले जा सकते हैं एयर फाइबर
एयर फाइबर की खासियत इसकी पोर्टेबिलिटी है। यूजर इसे किसी भी लोकेशन पर ले जाकर इस्तेमाल कर सकते हैं। हालांकि वहां पर 5G कनेक्टिविटी होनी चाहिए। रिलायंस जियो के मुताबिक, उनका एयर फाइबर चलते-फिरते ब्रॉडबैंड जैसी स्पीड देने में सक्षम है।
दूर दराज इलाकों में आसानी से पहुंच सकेगा हाई-स्पीड इंटरनेट
अभी जियो, एयरटेल सहित अन्य कंपनियों के ऑप्टिक वायर टेक्नोलॉजी पर बेस्ड फाइबर शहरों तक ही सीमित हैं, लेकिन एयर फाइबर बिना किसी वायर के इंटरनेट प्रोवाइड करता है। ऐसे में एयर फाइबर के जरिए हाई-स्पीड इंटरनेट आसानी से दूर दराज के इलाकों में पहुंच सकेगा।
जियो फाइबर और जियो एयर फाइबर में क्या अंतर है?
जियो फाइबर ऑप्टिक वायर टेक्नोलॉजी पर बेस्ड हैं। इसके जरिए इंटरनेट प्रोवाइड करने के लिए कंपनी घर/ऑफिस में एक राउटर इंस्टॉल करती है। उस राउटर तक ऑप्टिक वायर को ले जाकर कनेक्ट करती है। इसके बाद फाइबर स्टेबल हाई-स्पीड इंटरनेट प्रोवाइड करता है।
एयर फाइबर के जरिए कंपनी वायरलेस ब्रॉडबैंड सर्विस प्रोवाइड कर रही है। यह काफी हद तक वायरलेस डोंगल की तरह काम करता है, लेकिन इंटरनेट स्पीड काफी तेज है। इसके लिए किसी भी प्रकार के इन्फ्रास्ट्रक्चर की भी जरूरत नहीं होती। यह आसानी से इन्स्टॉल हो जाता है।
एयरटेल ने जियो से पहले लॉन्च किया था एयर फाइबर
एयरटेल ने जियो से पहले एक्सट्रीम एयर फाइबर दिल्ली और मुंबई में लॉन्च किया था। कंपनी का दावा है कि एयरटेल एक्सट्रीम एयर फाइबर में Wi-Fi 5 राउटर के मुकाबले 50% ज्यादा फास्ट इंटरनेट स्पीड मिलती है। कंपनी ने अभी तक इस बात की जानकारी नहीं दी है कि देश के अन्य जगहों के लिए एयरटेल एक्सट्रीम एयर फाइबर कब तक अवेलेबल होगा।
₹7,733 में खरीद सकते हैं एयरटेल एक्सट्रीम एयर फाइबर
एयरटेल एक्सट्रीम एयर फाइबर को बायर्स ₹7,733 रुपए देकर खरीद सकते हैं, जिसमें 18% की GST अलग से लगती है। इसमें कंपनी ₹2,500 की सिक्योरिटी डिपॉजिट ले रही है और 6 महीने के डेटा प्लान के लिए ₹4,435 ले रही है।