आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : कांग्रेस सांसद धीरज साहू और उनके करीबियों के तीन राज्यों झारखंड, ओडिशा और पश्चिम बंगाल के 10 ठिकानों से आयकर विभाग को शनिवार तक 300 करोड़ से ज्यादा का कैश मिल चुका है। टैक्स चोरी के मामले में इनके घर,ऑफिस और फैक्ट्री पर बुधवार 6 दिसंबर को छापेमारी शुरू की गई थी। धीरज झारखंड से राज्यसभा सदस्य हैं। इनकम टैक्स के अफसरों के मुताबिक, ये किसी सिंगल ऑपरेशन में बरामद हुई अब तक की सबसे बड़ी रकम है।
आयकर विभाग को यह कैश ओडिशा के टिटलागढ़, बोलांगीर और संबलपुर स्थित ठिकानों से मिला है। शनिवार 8 दिसंबर को नोट गिनने के लिए 40 बड़ी और छोटी मशीनें लगाई गई हैं। नोटों की गिनती अब तक जारी है।आयकर विभाग के महानिदेशक संजय बहादुर ने दिल्ली जाने के दौरान भुवनेश्वर एयरपोर्ट पर मीडिया से कहा कि कैश की मात्रा इतनी ज्यादा है कि अभी गिनती में दो दिन और लगेंगे। इसके बाद ही आधिकारिक रूप से इस पर जानकारी दी जा सकेगी।
छापे से जुड़ी अहम बातें: पहले दिन नोटों से भरी 30 अलमारी मिली थीं
आयकर विभाग ने बुधवार 6 दिसंबर को छापेमारी शुरू की थी। 7 दिसंबर तक शराब बनाने वाली कंपनी बलदेव साहू एंड ग्रुप ऑफ कंपनीज के कार्यालय में नोटों से भरी 30 अलमारी मिली थीं। इनमें से 9 में 500, 200 और 100 रुपए के नोट के बंडल जब्त किए थे। नोटों से भर कई बैग भी मिले थे।
हालांकि, इनमें कितना कैश था, इसकी जानकारी आईटी टीम ने नहीं दी। अभी लॉकरों को खोला जाना बाकी है। गुरुवार की शाम तक 260 करोड़ का कैश मिल चुका था। इसके बाद यह राशि बढ़ती चली गई।
इसके बाद, शुक्रवार को आयकर विभाग को ओडिशा के टिटलागढ़ में शराब कारोबार संभालने वाले संजय साहू और दीपक साहू के घर से 8 करोड़ रुपए बरामद हुए है। राइस मिलर और ट्रांसपोर्टर राजकिशोर जायसवाल के ठिकानों से भी बड़ी रकम जब्त हुई।
ओडिशा के बौध जिले की राइस मिल और बौध डिस्टलरी प्राइवेट लिमिटेड में शुक्रवार को देर शाम छापेमारी हुई। यहां से भी कैश मिलने की खबर है।
इन जगहों पर आयकर विभाग की दबिश
ओडिशा में बौध डिस्टिलरीज प्राइवेट लिमिटेड कंपनी और इससे जुड़े परिसरों में छापेमारी।
बलदेव साहू एंड ग्रुप ऑफ कंपनीज के ठिकाने (यह बौध डिस्टिलरी की पाटर्नशिप फर्म है)।
बौध डिस्टिलरी के भुवनेश्वर स्थित कॉर्पोरेट कार्यालय और अधिकारियों के घर पर।
बोलांगीर के सुदापाड़ा और टिटलागढ़ के दो शराब व्यापारियों के आवास।
रांची के रेडियम रोड स्थित सुशीला निकेतन आवास।
लोहरदगा स्थित सांसद धीरज साहू का आवास।
लंबे समय से आलमारी में रखे होने के कारण नोटों में नमी आ गई, जिसकी वजह से नोट एक दूसरे से चिपक गए हैं। नोट गिनने के दौरान अब तक चार मशीनें खराब हो चुकी हैं, इस कारण गिनती में देर हो रही है।अब भुवनेश्वर से बड़ी मशीनें मंगाई गई हैं। 8 दिसंबर को 12 बजे दिन से छह बड़ी मशीनों से नोटों की गिनती शुरू हुई, जो अब तक जारी है।
आयकर की छापेमारी को देखते हुए बौध जिला स्थित बौद्ध डिस्टलरी प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के कर्मचारियों ने 500-500 के नोटों को फाड़कर फेंकना शुरू कर दिया। आयकर विभाग के अधिकारियों ने छापेमारी के दौरान जब कंपनी के चारदीवारी के आसपास देखा तो पाया कि पांच-पांच सौ के नोट फाड़कर फेंके हुए है। आयकर विभाग के अधिकारियों ने नोटों को जब्त कर लिया। फटे हुए नोट चारदीवारी के अलावा बॉटलिंग प्लांट के बॉयलर के नजदीक मिले।