आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : जयपुर एयरपोर्ट पर मंगलवार को एक यात्री विमान के साथ बर्ड हिट की घटना हुई। इसके बाद गृह मंत्री अमित शाह का विमान रोक दिया गया। एयरपोर्ट से जुड़े सूत्रों ने बताया कि एयरपोर्ट पर घटना दोपहर 1:05 बजे की है। दरअसल इंडिगो की जयपुर-मुंबई फ्लाइट 6ई-5235 ने जयपुर से उड़ान भरी ही थी कि तभी विमान के पायलट ने पक्षी टकराने की जानकारी एटीसी को दी। इसके बाद एओसीसी ने तुरंत फील्ड स्टाफ को रनवे निरीक्षण के निर्देश दिए।
ऐसे में करीब 10 मिनट तक ‘फॉलो मी’ वाहन ने रनवे का निरीक्षण किया। इसी दौरान अहमदाबाद से अमित शाह का विमान आ गया, लेकिन रनवे निरीक्षण के चलते शाह के विमान को जयपुर के आसमान में एक चक्कर लगवाया गया। हालांकि करीब 12 मिनट बाद शाह के विमान की सुरक्षित लैंडिंग करा दी गई थी।
मंगलवार को राजस्थान में तीन जगह पहुंचे थे अमित शाह
बता दें कि अमित शाह के मंगलवार को राजस्थान में तीन दौरे थे। वे अलवर के खैरथल, सीकर के नीमकाथाना और झुंझुनूं के नवलगढ़ में जनसभा को संबोधित करने पहुंचे थे। शाह सभी सभाओं में देरी से पहुंचे थे। इसके लिए उन्होंने जनता से माफी भी मांगी थी। अमित शाह ने सबसे पहले किशनगढ़बास विधानसभा क्षेत्र के खैरथल में सभा को संबोधित किया था।
अलर्ट पर एजेंसियां
वहीं, बुधवार को अमित शाह फिर राजस्थान पहुंचे हैं। उनका जैतारण, जालोर और रानीवाड़ा में कार्यक्रम है। राजस्थान में वीवीआईपी मूवमेंट लगातार बना हुआ है। इसको लेकर सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट पर हैं।