आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : मारुति सुजुकी ने आज (27 नवंबर) अपने लाइन-अप में शामिल सभी गाड़ियों के प्राइस बढ़ाने का ऐलान किया है। कंपनी ने कीमतों में बढ़ोतरी के लिए महंगाई और रेग्यूलेटरी रिक्रूटमेंट्स के साथ मैन्युफैक्चरिंग कॉस्ट को जिम्मेदार बताया है।

बढ़ी हुई कीमतें 1 जनवरी 2024 से लागू हो जाएंगी। मारुति सुजुकी ने कीमतों में बढ़ोतरी के स्केल की पुष्टि नहीं की है, लेकिन जानकारी दी है कि कीमतें मॉडल के अनुसार अलग-अलग बढ़ाई जाएंगी।

कार कंपनी ने कहा कि वह इन्फ्लेशन और रेगुलेटरी रिक्वायरमेंट्स के कारण कॉस्ट प्रेशर के चलते सभी मॉडलों की कीमतें बढ़ाने का प्लान बना रही है। मारुति ने कहा, ‘कंपनी लागत कम करने और प्राइस इंक्रीज को पार्शियली ऑफसेट करने के लिए अधिकतम प्रयास करती है। हालांकि, अब प्राइस इंक्रीज के जरिए कुछ प्रभाव डालना अनिवार्य हो गया है।

इस साल तीसरी बार प्राइस बढ़ाए दाम

कंपनी ने इस साल तीसरी बार अपनी कारों के प्राइस बढ़ाने का ऐलान किया है। इससे पहले 1 अप्रैल को सभी मॉडलों की एक्स-शोरूम कीमतों में इजाफा किया था।

वहीं, 16 जनवरी, 2023 को सभी मॉडलों की एक्स-शोरूम कीमतों में 1.1% का इजाफा किया था। तब भी इनपुट कॉस्ट बढ़ने के कारण गाड़ियों की कीमतें बढ़ाई थीं।

अक्टूबर में अब तक की सबसे ज्यादा सेल, 1.99 लाख गाड़ियां बेचीं

मारुति सुजुकी ने अक्टूबर महीने में अभी तक की सबसे ज्यादा रिकॉर्ड बिक्री दर्ज की है। मारुति ने कुल 1.99 लाख वाहनों की बिक्री की। सालाना आधार पर कंपनी की कुल बिक्री 1.67 लाख से बढ़कर 1.99 लाख यूनिट हो गई है। यानी गाड़ियों की बिक्री में 18.9% का इजाफा हुआ।

कंपनी की डोमेस्टिक सेल्स में भी करीब 20.5% का इजाफा हुआ है, जो 1.77 लाख यूनिट हो गई है। एक्सपोर्ट में भी कंपनी ने इजाफा किया है। कंपनी का एक्सपोर्ट कुल 7.3% बढ़ा है, जो सालाना आधार पर बढ़कर 21,951 यूनिट हो गया है।

इस तिमाही में कंपनी ने 552,055 यूनिट व्हीकल बेचे

सितंबर तिमाही में कंपनी ने टोटल 552,055 व्हीकल बेचे हैं। इसमें से 482,731 व्हीकल घरेलू मार्केट में बेचे गए हैं और 69,324 कारों को एक्सपोर्ट किया है। पिछले साल इसी तिमाही में कंपनी ने टोटल 517,395 यूनिट व्हीकल बेचे थे, जिसमें 454,200 व्हीकल घरेलू मार्केट में बेचे गए थे और 63,195 एक्सपोर्ट किए गए थे।

दूसरी तिमाही में नेट प्रॉफिट 80.3% बढ़ा

मारुति सुजुकी इंडिया लिमिटेड ने 27 अक्टूबर को Q2FY24 यानी फाइनेंशियल ईयर 2024 की दूसरी तिमाही के नतीजे जारी किए थे। इसके अनुसार जुलाई-सितंबर तिमाही में कंपनी का नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर 80.3% बढ़कर ₹3716.5 करोड़ रहा। पिछले साल इसी तिमाही में कंपनी को 2,061 करोड़ का मुनाफा हुआ था।

कंपनी का रेवेन्यू इस तिमाही में साल-दर-साल 23.8% बढ़कर ₹37,062.1 करोड़ रहा, जो पिछले साल इसी तिमाही ने ₹29,930.8 करोड़ था। कंपनी ने एक्सचेंज फाइलिंग में बताया कि इस तिमाही में नेट सेल्स सालाना आधार पर 24.5% बढ़कर ₹35,535.10 करोड़ रही, जो पिछले साल Q2FY23 में ₹28,543.50 थी।