आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : जम्मू-कश्मीर में भारतीय सेना ने 76वां इन्फैंट्री दिवस मनाया। 1947 में आजादी मिलने के बाद 27 अक्टूबर को भारतीय सेना पाकिस्तानी आक्रमणकारियों से कश्मीर की रक्षा के लिए बडगाम में उतरी थी। तब से इस दिन को इन्फैंट्री दिवस या शौर्य दिवस के रूप में मनाया जाता है। यह उन सैनिकों के सर्वोच्च बलिदान को मान्यता देता है जिन्होंने आजादी के दौरान कश्मीर पर पाकिस्तानी सेना के आक्रमण से देश की रक्षा करते हुए अपनी जान गंवा दी थी।

आज की अन्य बड़ी खबरें…

बिहार में मूर्ति विसर्जन के दौरान 2 गुटों में पथराव; 6 गिरफ्तार, छपरा सदर में 2 दिन इंटरनेट बंद

छपरा में मूर्ति विसर्जन के दौरान शुक्रवार 27 अक्टूबर की सुबह दो समुदायों में जमकर पत्थरबाजी हुई। डीजे पर तेज गाने बजाने को लेकर शुरू हुआ विवाद के बाद कुछ लोगों ने पत्थर फेंकना शुरू कर दिया। इसके बाद जुलूस में शामिल लोगों ने भी पथराव कर दिया।

घटना के बाद छपरा सदर अनुमंडल में 2 दिन के लिए इंटरनेट बंद कर दिया गया है। साथ ही 6 लोगों को भी हिरासत में लिया गया है।

1600 करोड़ की मनी लॉन्ड्रिंग मामले में दिल्ली-मुंबई समेत देश के 17 ठिकानों पर तलाशी

दिल्ली, मुंबई, पंजाब और हरियाणा में अशोका यूनिवर्सिटी फाउंडर और फार्मास्युटिकल कंपनी पैराबोलिक ड्रग्स परिसरों में ED ने रेड की है। ED ने धन शोधन निवारण अधिनियम (PMLA) के तहत दर्ज एक मामले में देश में एक साथ 17 स्थानों पर सर्च शुरू की है। जिसमें दिल्ली में 7 जगह, मुंबई में 7 जगह के अलावा पंजाब, चंडीगढ़ व पंचकूला में भी छापेमारी जारी है।

उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ उत्तराखंड दौरे पर, पत्नी के साथ केदारनाथ धाम पहुंचे

उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ अपनी पत्नी के साथ आज केदारनाथ धाम पहुंचे। उन्होंने केदारनाथ में पूजा-अर्चना की। इसके बाद वहां हो रहे विकास कार्यों का जायजा लिया। उपराष्ट्रपति धनखड़ गुरुवार से उत्तराखंड दौरे पर हैं। उन्होंने कल उत्तरकाशी में गंगा नदी की आरती की थी।

हैदराबाद में IPS प्रोबेशनर्स की पासिंग आउट परेड में गृह मंत्री अमित शाह शामिल हुए

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह हैदराबाद में भारतीय पुलिस सेवा (IPS) प्रोबेशनर्स के 75वें बैच की पासिंग आउट परेड में शामिल हुए। यहां शाह ट्रेनी अधिकारियों को संबोधित भी करेंगे। पासिंग आउट परेड में कुल 175 ट्रेनी अधिकारी हिस्सा ले रहे हैं। इनमें 32 महिला अधिकारी और 20 विदेशी ट्रेनी शामिल हैं। विदेशी ट्रेनी में से 6 भूटान, 5 नेपाल, 5 मालदीव और 4 मॉरीशस पुलिस से हैं।