आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : जम्मू-कश्मीर में सेना और पुलिस ने जॉइंट ऑपरेशन में शुक्रवार को रामबन जिले के सरनियाल जंगल में एक आतंकी ठिकाने का भंडाफोड़ किया। जहां से सर्चिंग टीम को हथियारों का जखीरा मिला।

सेना ने जंगल से तीन चीनी ग्रेनेड, एक पाकिस्तानी ग्रेनेड सहित भारी मात्रा में गोला-बारूद और विस्फोटक बरामद किए। इसके अलावा AK-47 मैगजीन भी मिली।

वहीं सेना ने शुक्रवार को ही बडगाम में लश्कर ए तैयबा के तीन अंडरग्राउंड वर्कर्स को भी अरेस्ट किया। पुलिस और CRPF के जवानों ने मिलकर इस आपरेशन को अंजाम दिया।

हथियारों के जखीरे से 113 कारतूस, 4 ग्रेनेड बरामद

सेना ने जो विस्फोटक सामान बरामद किया है। उसमें 7.62 मिमी के 113 कारतूस, एके 47 की 3 मैग्जीन, 7.62 मिमी के 7 स्नाइपर कारतूस, 9 मिमी के 2 कारतूस, 3 चीनी ग्रेनेड ,1 पाकिस्तानी ग्रेनेड, 2 डेटोनेटर, 2 फ्यूज, एफएम ट्रांसीवर (रेडियो सेट) , पीआईकेए बेल्ट और 300 ग्राम विस्फोटक सामग्री शामिल है।

राजौरी में एक दिन पहले खत्म हुआ एनकाउंटर, दो आतंकी मारे गए थे, 5 जवान शहीद

जम्मू-कश्मीर के राजौरी में एक दिन पहले ही आतंकियों और सुरक्षाबलों के बीच मुठभेड़ खत्म हुई थी। जिसमें सुरक्षाबलों ने दो आतंकियों को मार गिराया था। वहीं गोलीबारी में 5 जवान शहीद हो गए थे। सूत्रों के मुताबिक, जान गंवाने वालों में कैप्टन शुभम, कैप्टन एमवी प्रांजिल, हवलदार माजिद, पैराट्रूपर सचिन लॉर और नायक संजय बिष्ट शामिल हैं।

वहीं, मारे गए एक आतंकी का नाम कारी है। डिफेंस PRO के मुताबिक, कारी पाकिस्तानी नागरिक था। उसे पाक और अफगान मोर्चे पर ट्रेंड किया गया था। दूसरे आतंकी की जानकारी अभी सामने नहीं आई है।

कारी लश्कर-ए-तैयबा का टॉप कमांडर था और पिछले एक साल से अपने ग्रुप के साथ राजौरी-पुंछ में एक्टिव था। उसे डांगरी और कंडी हमलों का मास्टरमाइंड भी माना जाता है। कारी को जम्मू में आतंकवाद को दोबारा फैलाने के लिए भेजा गया था। वह IED में स्पेशलिस्ट था और गुफाओं से छिपकर काम करने वाला ट्रेंड स्नाइपर भी रहा था।

सुरक्षाबलों को बाजीमाल इलाके में आतंकियों के छिपे होने की सूचना मिली थी

न्यूज एजेंसी ANI के मुताबिक, धर्मसाल के बाजीमाल इलाके में आतंकियों के छिपे होने की सूचना पर सेना और जम्मू-कश्मीर पुलिस ने बुधवार को सर्च ऑपरेशन शुरू किया था। इसी दौरान जंगल में छिपे आतंकियों ने उन पर फायरिंग शुरू कर दी। यहां दो आतंकियों के छिपे होने की खबर थी।

वहीं, आर्मी PRO ने बताया कि 19 नवंबर को कालाकोट इलाके के गुलाबगढ़ जंगल में आतंकियों के छिपे होने की जानकारी मिली थी। इसके बाद से इलाके में लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा था। बुधवार को हुई मुठभेड़ में आतंकी भी घायल हुए थे। उन्हें घेर लिया गया।

श्रीनगर में लश्कर के 2 आतंकी गिरफ्तार

जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर में बुधवार को सुरक्षाबलों ने लश्कर-ए-तैयबा के 2 आतंकियों की गिरफ्तारी की जानकारी दी। उनसे 2 पिस्तौल, 4 मैगजीन, 2 फिलर मैगजीन और 8 ग्रेनेड बरामद किए गए हैं। पुलिस ने बताया कि दोनों आतंकियों को 21 नवंबर को गिरफ्तार किया गया था। मुमताज अहमद लोन और जहांगीर अहमद लोन कुपवाड़ा के त्रेहगाम के रहने वाले हैं।

बीते तीन साल में राजौरी-पूंछ बेल्ट में हुए बड़े आतंकी हमले

2021: अक्टूबर में तीन बड़े हमले हुए

11 अक्टूबर 2021: पूंछ जिले की सुरनकोट तहसील के चामरेर जंगलों में सेना की आतंकियों के साथ मुठभेड़ हुई। इसमें एक JCO समेत पांच जवान शहीद हुए।

16 अक्टूबर 2021: पूंछ की मेंढार तहसील के भट्‌टा दुरियन इलाके में सेना और इन्हीं आतंकियों के बीच मुठभेड़ हुई। इसमें एक अन्य JCO समेत चार जवान शहीद हुए।

30 अक्टूबर 2021: राजौरी के नौशेरा सेक्टर में माइन ब्लास्ट में एक लेफ्टिनेंट और एक जवान की जान चली गई।

2022: अगस्त और दिसंबर में दो बड़े हमले

11 अगस्त 2022: राजौरी जिले के दरहल इलाके में परगल आर्मी कैंप पर आतंकियों ने हमला किया। इसमें पांच जवान शहीद हुए जबकि दो फिदायीनों को सेना ने मार गिराया।

18 दिसंबर 2022: राजौरी के अल्फा गेट के बाहर एक आतंकी हमले में दो नागरिक मारे गए।