पुणे । चेन्नई सुपरकिंग्स (सीएसके) टीम के कप्तान रविंद्र जडेजा ने आईपीएल में यहां गुजरात टाइटंस के हाथों मिली हार पर निराशा व्यक्त करते हुए कहा कि हमारे गेंदबाज उम्मीद के अनुसार प्रदर्शन नहीं कर पाये। इसी कारण हमारी टीम को तीन विकेट से हार झेलनी पड़ी है।
जडेजा ने कहा, ‘हमने अच्छी शुरुआत की थी। गेंदबाजी इकाई के रूप में पहले छह ओवर काफी अच्छे थे पर इसके बाद मिलर की बल्लेबाजी के दौरान हालात बदल गये।
उसने अच्छे क्रिकेट शॉट खेले। जब हम बल्लेबाजी कर रहे थे तो गेंद रुककर आ रही थी जिससे हमें लगा कि 169 रन पर्याप्त होंगे।’ उन्होंने कहा, ‘लेकिन अंतिम पांच ओवर में हम अपनी योजनाओं के अनुसार बल्लेबाजी नहीं कर पाये। क्रिस जॉर्डन अनुभवी गेंदबाज है इसलिए हमने 20वें ओवर में गेंद सौंपी ।’
सुपरकिंग्स के मिले 170 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए टाइटंस ने 16 रन रनों पर ही तीन विकेट खो दिए थे पर इसके बाद मिलर ने नाबाद 94 रन की पारी खेलने के अलावा कप्तान राशिद खान के साथ छठे विकेट के लिए 70 रन की तूफानी साझेदारी की सहायता से 170 रन बनाकर जीत दर्ज की।
सीएसके की ओर से ड्वेन ब्रावो ने 23 रन देकर तीन जबकि आफ स्पिनर महेश तीक्षणा ने 24 रन देकर दो विकेट लिए। लेकिन अपनी टीम को जीत नहीं दिला सके। जॉर्डन इस मैच में नाकाम रहे और उन्होंने 3.5 ओवर में ही 58 रन दे दिये।