आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : देश में सर्दी ने दस्तक दे दी है। मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात और तमिलनाडु के कई शहरों में रविवार देर रात बारिश हुई है। कुछ राज्यों में बारिश अभी भी जारी है। इसके चलते इन राज्यों में अचानक से ठंड बढ़ गई है।

राजस्थान में दिन का पारा 8 डिग्री और दिल्ली में 10 डिग्री तक लुढ़क गया है। वहीं, जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर में रविवार को तापमान शून्य डिग्री दर्ज किया गया है। इससे एक दिन पहले यहां पारा शून्य से एक डिग्री नीचे था।

गुजरात के कई इलाकों में भारी बारिश के साथ ओले भी गिरे हैं। यहां बिजली गिरने से 20 लोगों की मौत हो गई। इनमें 4 दाहोद, 3 भरूच, 2 तापी, अहमदाबाद, अमरेली, बनासकांठा, बोटाद, खेड़ा, मेहसाणा, पंचमहल, साबरकांठा, सूरत, सुरेंद्रनगर और द्वारका में एक-एक व्यक्ति की मौत हुई है।

मौसम विभाग ने मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र और गुजरात में अगले 24 घंटे में भारी बारिश की आशंका जताई है। यहां ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। दिल्ली, UP, उत्तराखंड और देश के दक्षिणी राज्यों में अगले दो-तीन दिन बारिश की आशंका है। IMD ने इस हफ्ते के अंत तक देश भर में ठंड बढ़ने की संभावना जताई है।

इन राज्यों में बारिश की संभावना…

एक साथ चार सिस्टम एक्टिव होने से मौसम बदला

IMD के मुताबिक, मौसम में यह बदलाव एक साथ चार मौसमी सिस्टम एक्टिव होने से हुआ है। देश के उत्तरी हिस्से में समुद्र तल से 5.8 किमी की ऊंचाई पर वेस्टर्न डिस्टरबेंस है। ऊपरी स्तर पर पूर्वी हवाओं के बीच एक ट्रफ लाइन बन गई है।

वहीं, पूर्वोत्तर अरब सागर, सौराष्ट्र और कच्छ तट पर साइक्लोनिक सर्कुलेशन भी बना हुआ है। पश्चिमी हवा और पूर्वी हवा में बनी ट्रफ लाइन के बीच टकराव हो रहा है। इसलिए आने वाले दिनों में ठंड बढ़ सकती है।

तमिलनाडु के चेंगलपट्‌टू में सोमवार सुबह से भारी बारिश जारी है।

यह तमिलनाडु के कांचीपुरम की तस्वीर है। यहां रविवार रात भारी बारिश हुई।

गुजरात के सूरत में रविवार को हुई बारिश के दौरान निकले लोग।

गुजरात के मोरबी में रविवार को ओले गिरे, जिसकी वजह से एक सिरैमिक फैक्ट्री को नुकसान पहुंचा।

हिमाचल प्रदेश: बारिश-बर्फबारी का यलो अलर्ट, रोहतांग दर्रा के लिए रोकी आवाजाही

हिमाचल में वेस्टर्न डिस्टरबेंस (WD) एक्टिव होने के बाद मौसम ने करवट बदली है। इसके बाद प्रदेश के ज्यादातर क्षेत्रों में मौसम खराब बना हुआ है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला की माने तो प्रदेश के अधिक ऊंचे क्षेत्रों में आज बर्फबारी होने का पूर्वानुमान है। इसी तरह मध्यम और निचले इलाकों में बारिश हो सकती है।

गुजरात: बिजली गिरने से 17 की मौत, कई इलाकों में गिरे ओले

गुजरात के सौराष्ट्र और उत्तर गुजरात में रविवार को बेमौसम बारिश हुई। राज्य में अलग-अलग जगहों पर बिजली गिरने से 17 लोगों की जान चली गई। वहीं राजकोट में हाईवे पर ओलावृष्टि होने से सड़क पर बर्फ जमा हो गई। यहां बेमौसम बारिश होने से किसानों को भारी नुकसान हुआ है। मध्य प्रदेश: सीजन का पहला मावठा गिरा, भोपाल में 2.6 डिग्री गिरा पारा

मध्य प्रदेश के कुछ इलाकों में रविवार रात को सीजन का पहला मावठा गिरा। इस दौरान खरगोन में सबसे ज्यादा 1 इंच और बड़वानी, रतलाम में आधा इंच से ज्यादा बारिश हुई। वहीं, भोपाल में 600 मी ऊंचाई के बादल और हवा चलने से दिन में 2.6 डिग्री तापमान गिरा और सीजन का सबसे कम तापमान 27.7 डिग्री दर्ज किया गया।

राजस्थान: भारी बारिश से 8 डिग्री तक गिरा पारा

राजस्थान में नए वेस्टर्न डिस्टरबेंस के असर से रविवार रात को कुछ इलाकों में भारी बारिश हुई। दक्षिणी पश्चिमी जिलों में तेज हवाएं चलीं और ओले भी गिरे। वहीं, बाड़मेर में सबसे ज्यादा 17 एमएम बारिश हुई। इसके अलावा, सिरोही में 7.5 और डूंगरपुर में 7 एमएम बारिश हुई।