आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : गृहमंत्री अमित शाह शुक्रवार 27 अक्टूबर को आईपीएस प्रोबेशनर्स के 75वें बैच की पासिंग आउट परेड में शामिल हुए। सरदार वल्लभभाई पटेल राष्ट्रीय पुलिस अकादमी में आईपीएस कैडेट्स के बीच शाह ने कहा कि देश में ब्रिटिश शासन में बनाए गए कानून खत्म किए जा रहे हैं।

शाह ने कहा कि IPC-CrPC-एविडेंस एक्ट में कुछ बदलाव किए हैं। नए कानूनों के साथ, गृह मंत्रालय की संसदीय समिति इस पर विचार कर रही है। कुछ समय में ये कानून पारित हो जाएंगे और इन कानूनों के आधार पर ही देश में नया क्रिमिनल जस्टिस सिस्टम शुरू होगा।

175 कैडेट्स ने की पासिंग आउट परेड

पासिंग आउट परेड में 155 IPS ट्रेनी ऑफिसर, 20 फॉरेन ट्रेनी ऑफिसर समेत कुल 175 कैडेट्स शामिल हुए। इनमें 32 महिलाएं भी शामिल हुईं। जबकि विदेशी कैडेट्स में छह भूटान से, पांच मालदीव से, पांच नेपाल से और चार मॉरीशस पुलिस से हैं।

11 अगस्त को लोकसभा में पेश हुए थे कानून

अमित शाह ने जिन तीन नए कानूनों के बारे में बताया वे भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023, भारतीय न्याय संहिता 2023 और भारतीय साक्ष्य विधेयक 2023 हैं। इन्हें 11 अगस्त को संसद के निचले सदन यानी लोकसभा में पेश किया गया था। ये विधेयक भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) 1860, आपराधिक प्रक्रिया संहिता (सीआरपीसी), 1973 और भारतीय साक्ष्य अधिनियम, 1872 की जगह लागू किए जाने हैं।

सूर्यापेट में करेंगे जन गर्जना सभा

अमित शाह शुक्रवार दोपहर को सूर्यापेट में भारतीय जनता पार्टी की जन गर्जना सभा को संबोधित करने वाले हैं। तेलंगाना में विधानसभा चुनाव 30 नवंबर को होंगे और वोटों की गिनती 3 दिसंबर को होगी। पार्टी ने 52 उम्मीदवारों की पहली लिस्ट में तीन मौजूदा सांसदों को टिकट दिया है। तेलंगाना में बीआरएस, कांग्रेस और भाजपा के बीच त्रिकोणीय मुकाबला देखने को मिलेगा।

अमित शाह बोले- पहले लोग कहते थे 370 को हाथ लगाया तो खून की नदियां बहेंगी

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने हैदराबाद में कहा कि पहले लोग कहते थे कि धारा 370 को हाथ लगाओगे तो खून की नदियां बह जाएंगी, नदियां तो छोड़िए अब किसी की कंकड़ उठाने की भी हिम्मत नहीं है। राम मंदिर को लेकर 550 सालों तक लाखों लोगों ने आंदोलन किया।